नालंदा में 19 केंद्रों पर होगी 'चीफ इंस्ट्रक्टर' की परीक्षा,: नकल रोकने के कड़े निर्देश; 29 जुलाई को 12 हजार 696 अभ्यर्थी होंगे शामिल - Nalanda News

Published on 28 जुल॰ 2026

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से गृह विभाग (विशेष शाखा) के अंतर्गत बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में 'चीफ इंस्ट्रक्टर' पद पर नियुक्ति के लिए आगामी 29 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसे लेकर नालंदा के अपर समाहर्ता रंजन कुमार चौधरी ने क

.

उन्होंने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जवाबदेही के साथ अपनी ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है ताकि परीक्षा में कदाचार की कोई गुंजाइश न रहे।

एक पाली में होगी परीक्षा, आधे घंटे पहले बंद हो जाएंगे गेट

अपर समाहर्ता ने जानकारी दी कि बुधवार, 29 जुलाई को यह प्रतियोगिता परीक्षा एकल पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए बिहारशरीफ जिला मुख्यालय में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 12,696 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।

अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 09:30 बजे निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश है कि परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था

परीक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पेन और व्हाइट फ्लूइड ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षा कक्ष में कड़े नियम लागू रहेंगे। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री, सादा कागज, पेन, क्लिप बोर्ड, स्लाइड रूल या कैलकुलेटर ले जाने की सख्त मनाही है। प्रवेश पत्र पर किसी भी तरह के अतिरिक्त नोट्स लिखना भी वर्जित है।

इसके अलावा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के साथ-साथ मार्कर, व्हाइट फ्लूइड, ब्लेड और इरेज़र का इस्तेमाल भी परीक्षा कक्ष में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

निगरानी के लिए 9 जोन में बंटे केंद्र, होगी लगातार वीडियोग्राफी

परीक्षा के सुचारु और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी 19 परीक्षा केंद्रों को 09 जोन में विभाजित कर जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र प्रेक्षक (ऑब्जर्वर) के साथ दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। संपूर्ण व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए 38 स्टैटिक दंडाधिकारी, 09 जोनल दंडाधिकारी-सह-गश्ती दल और 04 वरीय पदाधिकारियों को उड़नदस्ता दल के रूप में लगाया गया है, जो लगातार केंद्रों का भ्रमण करेंगे।

सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों व जवानों को सुबह 08:00 बजे तक अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंचने को कहा गया है। संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी और केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

समस्याओं के समाधान के लिए खुला कंट्रोल रूम

जिला स्तर पर एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना भी की गई है, जिसका टोल-फ्री नंबर 18003456323 जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को इस नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी पदाधिकारी नामित किया गया है तथा वहां सुरक्षित दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे।

इसके अतिरिक्त, बिहारशरीफ में परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए अलग से दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा या ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े।