यूक्रेन: रूसी मिसाइल हमलों में 17 की मौत, महासचिव ने युद्धविराम की अपील की
21 अगस्त 2026 शान्ति और सुरक्षा
स्थानीय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों ने गुरूवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाक़ों को निशाना बनाया, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हुए.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इन हमलों की कड़ी निन्दा की. इनमें रिहायशी इमारतों को भारी नुक़सान पहुँचा है और यह आबादी वाले इलाक़ों पर रूस के लगातार हमलों का नवीनतम उदाहरण है.
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की ज़िले में हमलों के कारण नौ मंज़िला रिहायशी इमारत की ऊपरी मंज़िलों में आग लग गई, जिसमें सात लोगों की मौत हुई. इसके बाद शहर के मेयर ने एक दिन के शोक की घोषणा की है.
इलाक़े में लगभग 20 रिहायशी इमारतों के अलावा एक स्कूल, बच्चों का अस्पताल और एक बालवाड़ी (kindergarten) भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए.
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने गुरूवार को कहा, “आम लोगों व नागरिक बुनियादी ढाँचे पर हमले, चाहे कहीं भी हों, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का स्पष्ट उल्लंघन हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए.”
रूस पर यूक्रेन के ड्रोन हमले
ख़बरों के अनुसार, बुधवार से गुरूवार की रात रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने देश के मुख्य भूभाग, काला सागर और अज़ोव सागर के ऊपर यूक्रेन के 726 ड्रोन को रोककर नष्ट किया.
हाल के दिनों में यूक्रेन ने 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद रूस के भीतर अपने अब तक के कुछ सबसे बड़े ड्रोन हमले किए हैं.
रूसी मीडिया के अनुसार, उल्यानोव्स्क क्षेत्र में एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हुआ, जबकि बेलगोरोद क्षेत्र में एक ड्रोन ने वाहन को निशाना बनाया, जिसमें दो आम लोग घायल हुए.
यूक्रेन पर गुरूवार के रूसी हमलों के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की ने कहा कि सहयोगी देशों द्वारा वायु रक्षा मिसाइलों की आपूर्ति पूरी न किए जाने की क़ीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है.
2026 के पहले छह महीनों में संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षकों ने यूक्रेन में 1,396 आम लोगों की मौत और 7,978 के घायल होने की पुष्टि की.
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यालय (OCHA) के अनुसार, जुलाई 2026, अप्रैल 2022 के बाद यूक्रेन में आम लोगों के लिए सबसे घातक महीना रहा. अप्रैल 2022 युद्ध का पहला ऐसा महीना था, जब पूरे महीने लड़ाई जारी रही थी.
तनाव घटाने की अपील
विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर यूक्रेन पहुँचे संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख टॉम फ़्लैचर, कीव में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ात कर रहे हैं. उन्होंने गुरूवार के घातक हमलों से प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया और कहा कि वहाँ हुई तबाही देखकर वह स्तब्ध हैं.
संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवीय सहायता साझीदारों ने आपात सेवाओं और नगरकर्मियों के साथ मिलकर प्राथमिक उपचार, मनोसामाजिक सहायता, गर्म भोजन, निर्माण सामग्री और नक़द सहायता उपलब्ध कराई.
संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा, “महासचिव ने तनाव तत्काल कम करने की अपनी अपील दोहराई है, ताकि पूर्ण, तत्काल व बिना शर्त युद्धविराम हो और न्यायसंगत, टिकाऊ व व्यापक शान्ति की राह खुल सके.”
♦ समाचार अपडेट रोज़ाना सीधे अपने इनबॉक्स में पाने के लिये यहाँ किसी विषय को सब्सक्राइब करें
♦ अपनी मोबाइल डिवाइस में यूएन समाचार का ऐप डाउनलोड करें – आईफ़ोन iOS या एण्ड्रॉयड