Updated: Wednesday, September 9, 2026, 16:03 [IST]
MP Ladli Behna Yojana 40th Installment: मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए सितंबर की किस्त को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को अब 40वीं किस्त का इंतजार है। राज्य सरकार से जुड़े सूत्रों और अधिकारियों के मुताबिक, सितंबर की नियमित किस्त 15 सितंबर 2026 तक महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा सकती है।
इस बार पात्र लाभार्थियों को 1500 रुपये मिलेंगे। यह रकम पहले की तरह सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस राशि को अंतरित कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के 9 सितंबर को दुबई दौरे से भोपाल लौटने के बाद किस्त जारी करने के कार्यक्रम की तारीख तय होगी। ऐसे में महिलाओं की नजर अब सरकार की आधिकारिक घोषणा पर है।
MP Ladli Behna Yojana की 40वीं किस्त का इंतजार जल्द होगा खत्म
लाडली बहना योजना के तहत सितंबर में मिलने वाली किस्त को लेकर लाभार्थी महिलाओं के बीच काफी उत्सुकता है। जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर तक 1500 रुपये की नियमित किस्त जारी की जा सकती है। करीब 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Fraud: यूपी के प्रतापगढ़ में पीएम किसान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 4.45 लाख रजिस्ट्रेशन मिले फर्जी!
9 सितंबर के बाद तय होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समय दुबई दौरे पर हैं और 9 सितंबर को भोपाल लौटेंगे। उनके वापस आने के बाद राज्य स्तर पर एक कार्यक्रम रखा जा सकता है। इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बटन दबाकर महिलाओं के खातों में एक साथ राशि भेज सकते हैं। हालांकि, किस्त जारी करने की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
रक्षाबंधन पर मिले थे 1750 रुपये
अगस्त में लाडली बहनों को रक्षाबंधन के मौके पर सरकार की ओर से 1750 रुपये दिए गए थे। उस समय महिलाओं को नियमित 1500 रुपये के अलावा 250 रुपये की अतिरिक्त राशि मिली थी। सितंबर से योजना की सामान्य 1500 रुपये वाली किस्त फिर भेजी जाएगी।
अगले 5 साल जारी रहेगी योजना
लाडली बहना योजना को लेकर सरकार ने आगे की तस्वीर भी साफ कर दी है। मध्य प्रदेश कैबिनेट ने योजना को अगले 5 वर्षों तक जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लिए सरकार 1,14,365 करोड़ रुपये का बजट खर्च करेगी। यानी आने वाले वर्षों में भी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलता रहने की उम्मीद है।
किस्त से पहले जरूर जांच लें नाम
किस्त का पैसा आने से पहले महिलाएं यह भी जांच सकती हैं कि उनका नाम लाभार्थी सूची में मौजूद है या नहीं। इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार की आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाना होगा।
अंतिम लिस्ट में नाम ऐसे देखें
- वेबसाइट खोलकर अंतिम सूची के विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर और कैप्चा भरें।
- ओटीपी प्राप्त करें पर क्लिक करके मोबाइल पर आया ओटीपी दर्ज करें।
- अब जिला और स्थानीय निकाय चुनें।
- इसके बाद ग्राम पंचायत या वार्ड का चयन करें।
- सामने खुलने वाली सूची में अपना नाम खोजें।
भुगतान की जानकारी भी ऑनलाइन मिलेगी
अगर आप यह जानना चाहती हैं कि आपकी किस्त का भुगतान हुआ है या नहीं, तो वेबसाइट के होम पेज पर आवेदन एवं भुगतान की स्थिति विकल्प चुनें। यहां अपना 9 अंकों का समग्र सदस्य क्रमांक या ऑनलाइन पंजीयन क्रमांक डालना होगा।
इसके बाद कैप्चा और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आया ओटीपी दर्ज करके सबमिट करें। स्क्रीन पर आवेदन की स्थिति, स्वीकृति और किस्त के भुगतान की पूरी जानकारी दिखाई देगी।
ये भी पढ़ें: PM Kisan की 24वीं किस्त का फायदा पाने के लिए तुरंत कराएं लैंड सीडिंग, जानिए किन किसानों को मिलने वाले हैं 4000