हरियाणा में नए प्रिंसिपल्स की 12 दिन की ट्रेनिंग: 14 सितंबर से SCERT गुरुग्राम में पहला बैच, 7 जिलों के अफसर बुलाए - Haribhoomi

Published on 9 सित॰ 2026

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में हाल ही में पदोन्नत हुए नए प्रिंसिपल्स के लिए 12 दिनों की mandatory आवासीय ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है। SIR ड्यूटी पर तैनात प्रिंसिपल्स को फिलहाल छूट मिलेगी।

Haryana Principals Training.

हरियाणा में नए प्रिंसिपल्स को दी जाएगी 12 दिन की ट्रेनिंग।

  • Published: 09 Sep 2026, 03:33 PM IST
  • Last Updated: 09 Sep 2026, 03:35 PM IST

हरियाणा में नए प्रिंसिपल्स की 12 दिन की ट्रेनिंग:  हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पदोन्नत हुए नए प्रिंसिपल्स के लिए 12 दिवसीय अनिवार्य इंडक्शन ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। ट्रेनिंग का पहला बैच 14 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), गुरुग्राम में आयोजित होगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय रहेगा।

SCERT के उप-निदेशक की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, पहले चरण में गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, पानीपत, पंचकूला और यमुनानगर जिलों के नव-पदोन्नत प्रिंसिपल्स को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रिंसिपल्स को कार्यमुक्त कर 14 सितंबर की सुबह SCERT गुरुग्राम में रिपोर्ट करवाना सुनिश्चित करें।

12 दिन की ट्रेनिंग, शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रिंसिपल्स की पूरे 12 दिनों तक उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। जिला स्तर पर प्रशिक्षण में भेजे गए प्रिंसिपल्स का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा और इसकी एक प्रति SCERT के साथ साझा की जाएगी।

पहले चरण में केवल सात जिलों के प्रिंसिपल्स को शामिल किया गया है। बाकी जिलों के नव-पदोन्नत प्रिंसिपल्स को आगामी चरणों में ट्रेनिंग दी जाएगी।

SIR ड्यूटी कर रहे प्रिंसिपल्स को फिलहाल मिलेगी छूट
वर्तमान में SIR (Special Intensive Revision) ड्यूटी पर तैनात प्रिंसिपल्स को इस चरण की ट्रेनिंग से छूट दी गई है। उन्हें बाद के चरण में इंडक्शन ट्रेनिंग में शामिल किया जाएगा।

वहीं, ट्रेनिंग से सामान्य तौर पर किसी तरह की छूट नहीं होगी। केवल गंभीर मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में राहत दी जा सकती है। इसके लिए संबंधित जिले के CMO की ओर से जारी मेडिकल सर्टिफिकेट DEO के माध्यम से SCERT निदेशक को भेजना होगा। छूट देने पर अंतिम फैसला SCERT निदेशक करेंगे।

प्रशासनिक और प्रबंधकीय जिम्मेदारियों की मिलेगी ट्रेनिंग
शिक्षा विभाग की ओर से 3 दिसंबर 2025, 29 मई 2026 और 20 जुलाई 2026 को जारी प्रमोशन एवं पोस्टिंग आदेशों के तहत पदोन्नत हुए प्रिंसिपल्स के लिए यह इंडक्शन प्रोग्राम तैयार किया गया है।

ट्रेनिंग का उद्देश्य नए प्रिंसिपल्स को स्कूल प्रशासन, शैक्षणिक कार्यों और प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना है। इसमें उन्हें स्कूल संचालन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और प्रबंधकीय जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए आवश्यक जानकारी दी जाएगी। SCERT ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।      

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।