ZIM vs AUS: जिम्बाब्वे के 3 बल्लेबाजों ने रचा इतिहास, मगर इस हादसे से मजा किरकिरा

Published on 20 सित॰ 2026

ZIM vs AUS: जिम्बाब्वे के 3 बल्लेबाजों ने रचा इतिहास, मगर इस हादसे से मजा किरकिरा

क्रेग इरवाइन, सिकंदर रजा और इनोसेंट काइया ने अर्धशतक लगाएImage Credit source: Zimbabwe Cricket

जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मैच का इतिहास काफी पुराना है और स्वाभाविक रूप से 6 बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का ही इसमें दबदबा रहा है. जिम्बाब्वे को कभी-कभार ही सफलता मिली है. किस हद तक जिम्बाब्वे को ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा है, इसकी गवाही एक सबसे ताजा रिकॉर्ड दे रहा है. हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे मैच में जिम्बाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे ने पहली बार ऐसा किया है.

पहले ही वनडे सीरीज गंवा चुकी मेजबान जिम्बाब्वे ने तीसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ये उपलब्धि हासिल की. कप्तान सिकंदर रजा के नेतृत्व में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मुकाबले में 8 विकेट खोकर 271 रन का स्कोर खड़ा किया. ये स्कोर ज्यादा बड़ा तो नहीं है लेकिन इस दौरान टीम के 3 बल्लेबाजों ने 50 का आंकड़ा पार किया, जिसमें खुद कप्तान रजा भी शामिल थे.

इन 3 बल्लेबाजों ने रचा इतिहास

सिर्फ 68 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद जिम्बाब्वे के लिए इनोसेंट काइया (55) और क्रेग इरवाइन (59) ने 80 रन की साझेदारी की. इन दोनों ही बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए. वहीं इनके बाद आए रजा ने भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और जिम्बाब्वे के लिए सबसे बेहतरीन पारी खेली. कप्तान रजा ने सिर्फ 72 गेंदों में 81 रन बनाए और नाबाद लौटे. इस तरह 1983 में पहले वनडे मैच से अब तक 43 साल और 36 मैच के इतिहास में पहली बार जिम्बाब्वे के 3 बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ही मैच में अर्धशतक जमाए.

एक चोट ने कर दिया मजा खराब

हालांकि, इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी को हादसे ने थोड़ा फीका कर दिया. असल में अर्धशतक लगाने वाले 3 बल्लेबाजों में से एक, इनोसेंट काइया अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन वो अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके. एक रन के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया. इसके चलते उन्हें बाहर जाने (रिटायर्ड हर्ट) के लिए मजबूर होना पड़ा. उन्होंने अपने वनडे करियर का तीसरा ही अर्धशतक लगाया था लेकिन वो इस चोट के कारण पारी को शतक तक नहीं पहुंचा सके.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button