White House Correspondents Dinner: गोलीबारी के बाद दोबारा व्हाइट हाउस डिनर का आयोजन, ट्रंप बोले- शो जारी रहेगा

Published on 25 जुल॰ 2026

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में हिस्सा लिया, जो अप्रैल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद अब दोबारा आयोजित किया गया। इस दौरान ट्रंप ने कहा, 'जैसा मैंने तीन महीने पहले कहा था, शो जारी रहना चाहिए'। यह कार्यक्रम वॉशिंगटन के वाल्डॉर्फ एस्टोरिया होटल में हुआ, जहां करीब 700 मेहमानों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मेहमानों को एक ही प्रवेश द्वार से अंदर लाया गया, जहां पहचान जांच, स्निफर डॉग, हथियारबंद सुरक्षा कर्मी और अन्य सख्त इंतजाम मौजूद थे। इस बार न तो रेड कार्पेट था और न ही पहले की तरह भव्य स्वागत समारोह।



यह भी पढ़ें- SpaceX: स्पेसएक्स ने स्टारशिप की 13वीं परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की, पहली बार छोड़े इतने स्टारलिंक उपग्रह

विज्ञापन



हम डरने वाले नहीं हैं- वेइजिया जियांग


इस कार्यक्रम की शुरुआत व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन (WHCA) की अध्यक्ष और सीबीएस न्यूज की पत्रकार वेइजिया जियांग के संबोधन से हुई। उन्होंने अप्रैल की घटना को याद करते हुए कहा, 'हम वापस आ गए हैं। हम डरने वाले नहीं हैं और हिंसा को आखिरी शब्द नहीं बनने देंगे'। अप्रैल में आयोजित पहले डिनर के दौरान एक हमलावर ने सुरक्षा जांच चौकी पर हमला कर दिया था, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई थी और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा था।

विज्ञापन



इस बार के कार्यक्रम में कुछ बदलाव भी किए गए। दो नए पुरस्कार जोड़े गए, एक सीक्रेट सर्विस एजेंट विक्टर गोंजालेस को, जिन्होंने हमले के दौरान बहादुरी दिखाई, और दूसरा उस होटल स्टाफ को, जहां पहली बार कार्यक्रम आयोजित हुआ था।



ट्रंप ने मीडिया पर कसा तंज


अपने संबोधन में ट्रंप ने माहौल हल्का रखने की कोशिश की, लेकिन मीडिया पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि यह 'ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम वाले लोगों का सबसे बड़ा जमावड़ा' है। हालांकि, उन्होंने पहले से तैयार तीखे भाषण को छोड़कर हल्के-फुल्के अंदाज में बात की। इस आयोजन को लेकर आलोचनाएं भी सामने आई हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पत्रकारों और नेताओं का इस तरह साथ आना प्रेस की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है। पॉयन्टर इंस्टीट्यूट की मीडिया विशेषज्ञ केली मैकब्राइड ने कहा कि इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है कि पत्रकार और नेता आपस में करीबी हैं।



यह भी पढ़ें- 850 साल बाद आसमान में होगा चमत्कार: दो साल पहले ही फुल हुए होटल; आखिर 22 जुलाई 2028 को ऐसा क्या होने वाला है?



मीडिया-सरकार तनाव बरकरार


यह डिनर ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप प्रशासन और मीडिया के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। हाल ही में सरकार ने कुछ पत्रकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की कोशिश की थी, जिसे बाद में वापस लेना पड़ा। इस मुद्दे पर कई प्रेस संगठनों ने भी चिंता जताई है और व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन से सरकार के खिलाफ खुलकर बोलने की अपील की है। व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन ने साफ किया कि इस डिनर का उद्देश्य एक स्वतंत्र प्रेस का जश्न मनाना है और यह दिखाना है कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका कितनी अहम है।