2028 में खेले जाएंगे लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफायर मुकाबले, आईसीसी ने किया बदलाव

Published on 23 अक्टू॰ 2026

2028 में खेले जाएंगे लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफायर मुकाबले, आईसीसी ने किया बदलाव

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए क्रिकेट की क्वालीफिकेशन प्रक्रिया जनवरी-फरवरी 2028 में आयोजित की जाएगी। इन क्वालीफायर मुकाबलों में विभिन्न टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें ओलंपिक में जगह बनाएंगी।

इससे पहले, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों के लिए पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में अंतिम स्थान तय करने के लिए 2027 में क्वालीफायर कराने का फैसला किया था। हालांकि, 'क्रिकइन्फो' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब इन क्वालीफायर को 2028 की शुरुआत के लिए टाल दिया गया है। इसका मतलब है कि ये ओलंपिक खेलों (जो जून में होने हैं) से छह महीने से भी कम समय पहले आयोजित होंगे।

1904 के बाद पहली बार ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हो रही है, जिसमें पुरुष और महिला क्रिकेट में छह-छह टीमें मेडलों के लिए मुकाबला करेंगी। महिला ओलंपिक के लिए, ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड - इन चार टीमों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने प्रदर्शन के दम पर लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

पुरुषों की प्रतियोगिता के लिए, 31 दिसंबर 2026 तक आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से सबसे ऊंची रैंकिंग वाली योग्य टीमों को ओलंपिक में सीधे एंट्री मिलेगी। अगर अमेरिका की पुरुष और महिला टीमें 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच किसी भी समय टॉप 15 रैंकिंग में आ जाती हैं, तो वह पांचवां ऑटोमैटिक स्लॉट हासिल कर सकती हैं। फिलहाल अमेरिका की पुरुष टीम 13वें नंबर पर है, जिससे उनका क्वालीफिकेशन लगभग पक्का है, जबकि महिला टीम अभी 19वें नंबर पर है।

आईसीसी ने कहा था कि अगर अमेरिका की महिला टीम टॉप 15 में जगह नहीं बना पाती है, तो 1 मार्च 2027 तक की आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में सबसे ऊपर रहने वाली, लेकिन अभी तक क्वालीफाई न कर पाने वाली किसी भी महाद्वीप की टीम को पांचवां स्थान दिया जाएगा।

क्रिकइन्फो के अनुसार, आईसीसी ने इस नियम में बदलाव किया है। अब अगर अमेरिका की महिला टीम रैंकिंग में टॉप 15 में नहीं पहुंच पाती है, तो महिला ओलंपिक में पांचवां स्थान उस टीम को मिलेगा जो अगले साल होने वाली 'महिला चैंपियंस ट्रॉफी' में बेहतर प्रदर्शन करेगी।पुरुष और महिला, दोनों ही वर्गों में आखिरी स्थान क्वालीफायर जीतने वाली टीम को मिलेगा। पुरुष और महिला ओलंपिक क्वालीफायर में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी, और इन दोनों प्रतियोगिताओं की विजेता टीम, ओलंपिक के मुख्य इवेंट में शामिल होने वाली छठी टीम बनेगी।

पुरुष और महिला इवेंट के वेन्यू (स्थान) अभी तय नहीं हुए हैं। क्वालीफायर खेलने वाली आठ टीमों में, ऑटोमैटिक क्वालीफाई करने वाली टीमों के अलावा सबसे ऊंची रैंकिंग वाली सात टीमें और 'कैरेबियन रीजनल क्वालीफायर' की विजेता टीम शामिल होगी। इसके अलावा, 2028 में पुरुष और महिला टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन भी लगभग एक साथ होगा।

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 पाकिस्तान में 7 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेला जाएगा, जबकि पुरुषों का टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक आयोजित होगा। 1900 के पेरिस ओलंपिक में पहली और इकलौती बार शामिल होने के बाद, 128 साल के लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट की ओलंपिक मंच पर वापसी हो रही है।

--आईएएनएस

एसएम/