WhatsApp की इन 5 सेटिंग्स को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी, जानें कैसे रखें अपनी चैट और डेटा सेफ

Published on 20 सित॰ 2026

WhatsApp की इन 5 सेटिंग्स को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी, जानें कैसे रखें अपनी चैट और डेटा सेफ

WhatsApp की ये 5 सेटिंग्स जरूर करें चेक, आपकी प्राइवेट चैट और फोटो रहेंगी ज्यादा सुरक्षित

WhatsApp पर हम रोज दोस्तों और परिवार से चैट करते हैं, फोटो-वीडियो भेजते हैं और अपना Status भी शेयर करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी प्रोफाइल फोटो, निजी चैट या Status कौन-कौन देख सकता है? WhatsApp में ऐसे कई फीचर्स हैं, जिनकी मदद से आप अपनी प्राइवेसी पर ज्यादा कंट्रोल रख सकते हैं.

Meta के इस मैसेजिंग ऐप में आप निजी चैट लॉक कर सकते हैं, फोन के फिंगरप्रिंट या Face ID से ऐप सुरक्षित रख सकते हैं और यह भी तय कर सकते हैं कि आपकी प्रोफाइल फोटो और Status किसे दिखे. इसके अलावा, View Once फीचर के जरिए कुछ फोटो और वीडियो एक बार देखने के बाद चैट से गायब हो सकते हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपकी निजी बातचीत और जानकारी ज्यादा लोगों तक न पहुंचे, तो WhatsApp की ये 5 सेटिंग्स जरूर चेक करें.

अपनी निजी चैट को करें लॉक

अगर WhatsApp पर आपकी कुछ ऐसी चैट हैं जिन्हें आप दूसरों से छिपाकर रखना चाहते हैं, तो Chat Lock काम आ सकता है. इस फीचर को ऑन करने पर लॉक की गई चैट सामान्य चैट लिस्ट से हटकर एक अलग Locked Chats फोल्डर में चली जाती है. Android और iPhone पर जिस चैट को लॉक करना है, उस पर टैप करके रखें या उसे बाईं ओर स्वाइप करें. इसके बाद More options में जाकर Lock chat या Unlock chat का ऑप्शन चुनें.

WhatsApp Web और Windows पर चैट पर राइट क्लिक करके भी उसे लॉक या अनलॉक किया जा सकता है. चैट लॉक होने पर सामने वाले व्यक्ति को इसकी कोई सूचना नहीं मिलती. फोन लॉक करते ही चैट अपने आप बंद हो जाती है. आप चाहें तो Secret Code सेट करके लॉक्ड चैट का फोल्डर छिपा भी सकते हैं.

तय करें कि प्रोफाइल फोटो किसे दिखे

WhatsApp पर मैसेज भेजते समय आपकी प्रोफाइल फोटो दूसरे व्यक्ति को दिख सकती है. अगर आप नहीं चाहते कि हर कोई आपकी फोटो देखे, तो इसकी प्राइवेसी सेटिंग बदल सकते हैं. Android में More options > Settings > Privacy > Profile photo पर जाएं. iPhone में Settings > Privacy > Profile Photo खोलें.

यहां आप चुन सकते हैं कि आपकी फोटो Everyone, My Contacts, My Contacts except… या None में से किसे दिखे. यानी फोटो को सभी के लिए खुला रखने के बजाय आप इसे सिर्फ अपने कॉन्टैक्ट्स या चुने हुए लोगों तक सीमित कर सकते हैं.

Face ID या फिंगरप्रिंट से WhatsApp सुरक्षित रखें

सिर्फ चैट लॉक करना ही नहीं, आप पूरे WhatsApp ऐप को भी लॉक कर सकते हैं. App Lock फीचर ऑन होने पर ऐप खोलने के लिए फोन के हिसाब से फिंगरप्रिंट, Face ID, Touch ID या पासवर्ड की जरूरत पड़ सकती है. इससे अगर किसी के हाथ में आपका फोन आ भी जाए, तो वह आसानी से WhatsApp नहीं खोल पाएगा. हालांकि, ऐप लॉक होने के बावजूद नोटिफिकेशन से मैसेज या कॉल का जवाब दिया जा सकता है.

फोटो-वीडियो भेजें View Once फीचर के साथ

अगर आप कोई निजी फोटो, वीडियो या वॉइस मैसेज भेजना चाहते हैं, जिसे सामने वाला बार-बार न देख सके, तो View Once फीचर इस्तेमाल कर सकते हैं. इस फीचर के जरिए भेजी गई फोटो या वीडियो देखने के बाद चैट से गायब हो जाती है. WhatsApp के मुताबिक, ऐसे मीडिया को पाने वाला व्यक्ति उसे अपने Photos या Gallery में सेव नहीं कर पाएगा और स्क्रीनशॉट या स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी नहीं कर पाएगा.

अपना Status चुनिंदा लोगों को दिखाएं

WhatsApp Status आमतौर पर आपके कॉन्टैक्ट्स के साथ शेयर होता है. लेकिन हर अपडेट हर व्यक्ति को दिखाना जरूरी नहीं है. आप Status की ऑडियंस तय कर सकते हैं और चुन सकते हैं कि कौन उसे देख सकता है. आप जिन लोगों या ग्रुप्स को Status में मेंशन करते हैं, वे उसे अपनी ऑडियंस के साथ शेयर कर सकते हैं. आप उन लोगों को भी मेंशन कर सकते हैं जिनका नंबर आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव नहीं है. इसलिए Status पोस्ट करने से पहले यह जरूर देख लें कि आप उसे किन लोगों के साथ शेयर कर रहे हैं.

यह भी पढे़ं- एक केबल से कई काम! GPMI क्या HDMI की जगह ले सकता है, जानें दोनों में फर्क

इमरजेंसी के समय काम आएगा आपका स्मार्टफोन! Emergency SOS ऑन करने के लिए अपनाएं ये स्टेप्स

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button