यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी प्रवेश द्वार के पास एक तेल टैंकर के नजदीक विस्फोट की आवाज सुनी गई। हालांकि, जहाज और उस पर सवार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
यूकेएमटीओ की ओर से रविवार को जारी एडवाइजरी के अनुसार, एजेंसी को रविवार को ग्रीनविच समयानुसार रात 8:37 बजे जहाज के कप्तान से इसकी सूचना मिली। कप्तान ने बताया कि जब जहाज ओमान के खासाब से लगभग 20 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में था, तभी उसके पास विस्फोट की आवाज सुनाई दी।
विज्ञापन
जहाजों को सतर्क रहने की सलाह
यूकेएमटीओ ने इस क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना एजेंसी को देने की सलाह दी है। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़े तनाव के बीच हाल के दिनों में यूकेएमटीओ ने समुद्री सुरक्षा से जुड़े कई घटनाक्रम दर्ज किए हैं। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, इनमें से अधिकतर घटनाएं ओमान के तट और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हुई हैं।
विज्ञापन
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (वॉशिंगटन समयानुसार) कहा कि ईरान के साथ वार्ता सोमवार दोपहर से शुरू होगी। उन्होंने दावा किया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कतर ने अमेरिका से प्रस्तावित सैन्य हमले रोकने का अनुरोध किया है, क्योंकि "उन्हें लगता है कि समझौता हो सकता है।"
क्या अमेरिका-ईरान के बीच बन गई बात?
जॉइंट बेस एंड्रयूज जाते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, "होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समझौता होगा और उसके बाद परमाणु मुद्दे, या कहें ईरान के परमाणु निरस्त्रीकरण पर भी समझौता होगा।" ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने भी अमेरिका से प्रस्तावित हमलों को रोकने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, "अब हम उनके साथ बातचीत और वार्ता के रास्ते आगे बढ़ रहे हैं।"
समाचार वेबसाइट एक्सियोस के अनुसार, अमेरिका के एक अधिकारी ने बताया कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद ने शनिवार को ट्रंप से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और स्थिति पर स्पष्ट जानकारी मांगी। उधर, पाकिस्तान, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये और कई अन्य देशों ने भी अमेरिका और ईरान से तनाव कम करने तथा आगे किसी भी तरह के संघर्ष से बचने की अपील की है।