Weather Alert: कहीं बढ़ेगी तपिश, तो कहीं आसमान से बरसेगी आफत, जानिए क्या कहता है IMD का अलर्ट?

Published on 11 जुल॰ 2026

मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. कहीं बारिश के बाद उमस बढ़ रही है, तो कहीं बारिश ने कहर बरसाया है. दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा में कुछ दिनों बारिश ज़रूर हुई, लेकिन अब वहां फिर एक बार तपिश लौट रही है. भारतीय मौसम विभाग ने 12 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. ईस्ट यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, मुंबई समेत कई इलाकों में तूफानी बारिश और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी है. दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी यूपी में तेज़ धूप और उमस भरा दिन रह सकता है. वहीं आंध्र प्रदेश के लिए IMD ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इनमें से कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे उमस और भी बढ़ जाएगी.

ये भी पढ़ें: बरसात के मौसम में नवजात बच्चे की देखरेख के लिए ध्यान रखें ये 5 बातें, मासूम की सेहत नहीं होगी खराब

---विज्ञापन---

कहां-कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल मानसून आफत बढ़ा सकता है. मौसम विभाग ने लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार में भी मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत ज्यादातर जिलों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट है. वहीं, मध्य प्रदेश की अगर बात करें तो पश्चिम में मौसम सामान्य रहेगा लेकिन पूर्वी हिस्से में बारिश हो सकती है. भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में बादल छाए रहेंगे और हल्की-फुल्की बारिश भी हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी कल मिला-जुला मौसम रहेगा. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर में बिजली कड़कने के साथ-साथ बूंदाबांदी हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में तूफानी बारिश आ सकती है, जबकि कोलकाता समेत कुछ इलाकों में उमस और गर्मी मुश्किल बढ़ा सकती है.

पहाड़ों में भी अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल में भी मौसम ऐसा ही रहेगा. शिमला, मनाली, धर्मशाला और सोलन जैसे इलाकों में बारिश आफत बन सकती है. भारी बारिश के दौरान पहाड़ों में फिसलन और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ जाता है, नदियां उफान पर आ जाती है. कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात भी बन सकते हैं. ऐसे में टूरिस्ट और स्थानीय लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है. मौसम विभाग ने अपील की है कि पहाड़ों में यात्रा करने से पहले मौसम अपडेट ज़रूर लें और जब तक बेहद ज़रूरी ना हो, यात्रा ना करें.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें: बरसात में भुट्टा खाना चाहिए या नहीं? न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया इस मौसम में सेहत पर कॉर्न का असर