Vrat Recipe: सोमवार व्रत में पिएं ड्राईफ्रूट्स स्मूदी, पीते ही दूर होगी कमजोरी और आएगी ताकत

Published on 2 अग॰ 2026

Aug 02, 2026 11:49 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

सावन के सोमवार पर अगर आप भी व्रत रखती हैं तो सुबह ड्राईफ्रूट्स स्मूदी बनाकर पिएं। इस स्मूदी को पीते ही कमजोरी दूर होगी और ताकत भी आएगी। सीखिए बनाने का तरीका-

सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हो गया है और इस महीने में आने वाले सभी सोमवार खास होते हैं। हिन्दू धर्म में सावन सोमवार का व्रत रखा जाता है। इस दिन को भगवान शिव को प्रसन्न करने, मनचाहा वर पाने और जीवन के कष्टों को दूर करने के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। इस दिन सच्चे मन से पूजा करने से सुख, शांति और समृद्धि मिलती है। सोमवार व्रत के लिए ज्यादातर लोग दिनभर भूखा रहते हैं और शाम के समय व्रत खोलने के लिए कुछ फलों को खाते हैं। लेकिन अगर आप दिनभर भूखा नहीं रह सकते हैं तो फलाहारी खाने की चीजें खा सकते हैं। यहां हम ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बनाने का तरीका बता रहे हैं। ये आप सुबह के समय ब्रेकफास्ट के तौर पर पी सकते हैं। इसे पीने के बाद आपकी कमजोरी दूर हो जाएगी और आप दिनभर एनर्जेटिक भी रहेंगे। ये एक बेहतरीन व्रत वाली ड्रिंक है जिसे बनाना काफी आसान है। सीखिए कैसे बनाएं-

व्रत वाली ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बनाने की सामग्री

  • 7 से 8 बादाम
  • 7 से 8 काजू
  • 6 पिस्ता
  • 1 कप मखाना
  • इलायची पाउडर
  • 10 से 12 रेशे केसर
  • 2.5 कप गुनगुना दूध
  • 1 केला
  • स्वादानुसार मिश्री

व्रत वाली ड्राई फ्रूट्स स्मूदी कैसे बनाएं

स्मूदी बनाने के लिए सभी चीजों को ब्लेंडर में डालें। सबको ब्लेंड करके एक स्मूद मिक्स तैयार करें और ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें।

व्रत वाली ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बनाने की टिप्स

  • व्रत वाली स्मूदी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले ड्राई फ्रूट्स को भिगोकर रखें। इन ड्राई फ्रूट्स को कम से कम 4 से 6 घंटे या रातभर के लिए भिगो सकते हैं। ऐसा करने से स्मूदी ज्यादा क्रीमी बनती है और पचने में आसान होती है।
  • स्मूदी में सभी चीजों को अच्छे से पीसने के लिए पहले ड्राई फ्रूट्स को थोड़ा दूध डालकर पीसें, फिर बाकी दूध डालकर ब्लेंड करें।
  • स्मूदी में इस्तेमाल होने वाले मखानों को आप हल्का भुन सकते हैं। इससे स्मूदी में मखाने का अच्छा स्वाद आता है।
  • अगर आप मिठास के लिए मिश्री नहीं डालना चाहते तो खजूर, किशमिश या शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • स्मूदी में इलायची और केसर को स्किप ना करें। क्योंकि इलायची पाउडर और केसर के रेशे डालने से स्वाद और रंगत बहुत अच्छी आती है।
  • स्मूदी ठंडी ही अच्छी लगती है इसलिए इसमें कुछ बर्फ के टुकड़े डालें।

नोट

हर किसी के व्रत के नियम अलग-अलग होते हैं, इसलिए अपनी परंपरा के अनुसार सामग्री चुनें।