
दिल छू लेने वाला वीडियोImage Credit source: Instagram/rizz61x
सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जो कुछ सेकंड में ही लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेते हैं. इन दिनों एक छोटी बच्ची का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्ची सड़क किनारे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करती दिखाई दे रही है. आसपास गाड़ियों की आवाजाही और लोगों की भीड़ है, लेकिन बच्ची इन सबके बीच अपनी पढ़ाई में पूरी तरह लगी हुई नजर आती है.
वीडियो में सड़क का नॉर्मल नजारा देखने को मिलता है. गाड़ियां लगातार गुजर रही हैं और लोग अपने काम से इधर-उधर जा रहे हैं. इसी बीच सड़क के किनारे एक बच्ची अपनी कॉपी खोलकर बैठी है. उसके पास स्कूल बैग रखा हुआ है और वह कॉपी में कुछ लिखती हुई दिखाई देती है. आसपास का शोर कितना भी हो, उसका ध्यान अपनी पढ़ाई से हटता नहीं दिख रहा. इस पूरे सीन की एक और खास बात है. बच्ची के पास उसकी मां भी बैठी हुई नजर आती हैं.
सड़क किनारे पढ़ती बच्ची ने खींचा लोगों का ध्यान
वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि मां सड़क किनारे छोटी-सी दुकान या सामान बेचने का काम कर रही हैं. मां अपने काम में लगी हुई हैं और बच्ची उसी जगह को पढ़ाई के लिए इस्तेमाल कर रही है. न उसके पास पढ़ने के लिए कोई अलग कमरा है, न टेबल-कुर्सी और न ही ऐसा शांत माहौल, जहां आसानी से पढ़ाई की जा सके. इसके बावजूद बच्ची अपनी कॉपी पर ध्यान लगाए बैठी है. सड़क की हलचल के बीच उसका इस तरह पढ़ते रहना ही वीडियो का सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला हिस्सा है.
वीडियो पर लिखा एक मैसेज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसमें लिखा है कि Life is not easy for everyone यानी हर किसी की जिंदगी आसान नहीं होती. बच्ची को सड़क किनारे पढ़ते देखकर यह लाइन इस पूरे वीडियो के संदर्भ में और ज्यादा असरदार लगती है.
अक्सर बच्चों की पढ़ाई की बात आते ही शांत कमरा, अच्छी डेस्क और बाकी सुविधाओं की तस्वीर सामने आती है. लेकिन इस वीडियो में एक अलग ही तस्वीर दिखाई देती है. बच्ची के पास शायद पढ़ाई के लिए वैसी सुविधाएं नहीं हैं, फिर भी वह मिले हुए समय और जगह में अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए है.
यही वजह है कि वीडियो देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स बच्ची की लगन की चर्चा कर रहे हैं. कुछ लोग उसके इस जज्बे की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ का कहना है कि मुश्किल हालात के बीच पढ़ाई के लिए समय निकालना अपने आप में खास बात है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: डिलीवरी बॉय के फटे जूते देखकर पिघला ग्राहक का दिल, फिर बंदे को दिया खास तोहफा
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @rizz61x नाम के पेज से शेयर किया गया है. वीडियो के साथ बच्ची की परिस्थितियों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कुछ सेकंड का यह सीन लोगों को जरूर रोककर सोचने पर मजबूर कर रहा है.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More