Vidya Vahini Yojana: दिल्ली सरकार ने शुरू की 'विद्या वाहिनी योजना', सीएम रेखा गुप्ता ने 3000 से ज्यादा छात्राओं को बांटी साइकिलें
Delhi Vidya Vahini Yojana: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'विद्या वाहिनी योजना' को शुरू किया है।
दिल्ली सरकार ने 'विद्या वाहिनी योजना' को शुरू किया।
- Published: 31 Jul 2026, 04:16 PM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 04:17 PM IST
Delhi Vidya Vahini Yojana: दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आज 31 जुलाई शुक्रवार को 'विद्या वाहिनी योजना' की शुरुआत की। पूर्वी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना का शुभारंभ किया और पहले चरण में 3,000 से ज्यादा छात्राओं को साइकिलें दी हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बेटियां केवल अपने सपनों को साकार नहीं करतीं, बल्कि विकसित, शिक्षित और सशक्त दिल्ली के भविष्य का निर्माण भी करती हैं। उन्होंने कहा कि 'विद्या वाहिनी योजना' छात्राओं की शिक्षा यात्रा को नई गति देगी। उनके अनुसार, साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने छात्र जीवन के अनुभव को किया साझा
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन संघर्ष और सपनों का दौर होता है। यदि बच्चों को सही अवसर और आवश्यक संसाधन मिलें तो वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, क्षेत्र के विधायक, निगम पार्षद तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह योजना छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल छात्राओं की पढ़ाई सुगम होगी, बल्कि वे अधिक सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ विद्यालय पहुंच सकेंगी। उन्होंने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
आज ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत 3,000 से अधिक बेटियों को साइकिलें सौंपकर अपार संतोष की अनुभूति हुई। आप सभी खूब मन लगाकर पढ़ें, अपने सपनों को साकार करें, दिल्ली, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें। आप सभी को ढेरों बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
हमारा संकल्प… pic.twitter.com/m3aj6RydTf
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 31, 2026
योजना का उद्देश्य क्या है ?
दिल्ली सरकार के अनुसार, 'विद्या वाहिनी योजना' के तहत राजधानी के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से साइकिलें वितरित की जाएंगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा से जोड़े रखना, स्कूल छोड़ने की दर कम करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का विश्वास है कि यह पहल बेटियों के सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।