मध्य प्रदेश के छतरपुर में 16 साल के लड़के को एक युवक ने जमकर पीटा। 15-20 घूंसे और 10-15 थप्पड़ मारे। लात और बेल्ट से भी पिटाई की। आरोपी ने नाबालिग से सिर झुकवाकर कई बार पैर भी पड़वाए। आरोपी के दोस्त भी उसका साथ दे रहे हैं। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया
.
वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी एक दुकान में कुर्सी पर बैठा है। पीड़ित उसके पैरों में सिर झुका देता है, जिसके बाद आरोपी उसे थप्पड़ और मुक्के मारने लगता है। दूसरे वीडियो में दोनों खेत में खड़े दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पहले कान पकड़ता है, फिर आरोपी के पैरों में गिर जाता है। इसके बाद आरोपी उसे पटककर दोबारा पीटने लगता है।
मारपीट की तीन तस्वीरें…

आरोपी पीड़ित को मारते-पीटते नजर आ रहा है।

मारपीट के दौरान आरोपी ने पीड़ित को लात भी मारी।

आरोपी के पैरों पर अपना सिर रखते दिखाई दे रहा नाबालिग।
पुलिस बोली- गलतफहमी की वजह से बढ़ा विवाद
मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे के अनुसार, चौका गांव में करीब 6 महीने पहले ढ्डारी तिगड्डा पर समर सिंह का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। उस समय 16 वर्षीय पीड़ित भी पास में खड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, समर सिंह को गलतफहमी हो गई कि नाबालिग उसके विरोधी के साथ है। इसी गलतफहमी के चलते समर सिंह ने नाबालिग से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी के कुछ साथी भी उसके साथ दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी की पहचान की
थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि वीडियो में मारपीट करते दिखाई दे रहे युवक की पहचान समर सिंह (20) पिता नरेंद्र सिंह परमार, निवासी ग्राम चौका, थाना मातगुवां, जिला छतरपुर के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की।
पीड़ित थाने पहुंचा, FIR की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष को थाने बुलाया गया है। वह अभी थाने में मौजूद है। पुलिस आरोपी समर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनके खिलाफ शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो 3 से 4 महीने पुराने
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो करीब 3 से 4 महीने पुराने बताए जा रहे हैं। घटना करीब 6 महीने पहले की बताई गई है। वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाए गए, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मारपीट में आरोपी के साथ मौजूद अन्य लोग कौन थे और उनकी भूमिका क्या थी। फिलहाल सामने आए वीडियो और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।