नाबालिग को थप्पड़ और डंडे से पीटते दिखे दरोगा,VIDEO: झांसी की शहर कोतवाली में तैनात बताए जा रहे, झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे - Jhansi News

Published on 12 अग॰ 2026

झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सब इंस्पेक्टर द्वारा नाबालिग को कथित तौर पर थप्पड़ मारने और डंडे से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 1 मिनट 58 सेकेंड के वीडियो में कुछ लड़के आपस में झगड़ते नजर आ रहे हैं।

.

इसी दौरान सादे कपड़ों में एक युवक दो लड़कों को पकड़ लेता है। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे सब इंस्पेक्टर एक नाबालिग को थप्पड़ मारने के बाद डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

पानी वाली धर्मशाला के पास झगड़ रहे थे लड़के वायरल वीडियो को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पानी वाली धर्मशाला के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में जींस-शर्ट पहने एक युवक दो लड़कों को कॉलर से पकड़कर डांटता दिखाई देता है। इसी बीच खंडेराव गेट चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर रविकांत गौतम बाइक से वहां पहुंचते हैं।

लड़कों को पकड़े युवक ने दरोगा को बताया कि ये आपस में लड़ रहे थे और एक-दूसरे पर ईंट चला रहे थे। इसी दौरान दरोगा की नजर सामने खड़े एक अन्य लड़के पर पड़ती है। वह युवक से पूछते हैं कि क्या यह लड़का भी झगड़े में शामिल था। युवक के हां कहने और उसके डंडा चलाने की बात बताने के बाद दरोगा नाबालिग के पास पहुंचते हैं।

थप्पड़ मारने के बाद डंडे से पीटा वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दरोगा नाबालिग को कथित तौर पर एक थप्पड़ मारते हैं। इसके बाद उसके हाथ में मौजूद डंडा लेकर उसी से उसे दो बार मारते हुए दिखाई देते हैं। बाद में जब सभी लड़कों को थाने ले जाने की बात कही जाती है तो वे खुद को निर्दोष बताते नजर आते हैं।

पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पिटता दिखाई दे रहा लड़का नाबालिग बताया जा रहा है। हालांकि, नाबालिग बताए जा रहे युवक या अन्य किसी पक्ष ने मामले में पुलिस से अबतक कोई शिकायत नहीं की है।

एसएसपी ने सीओ सिटी को सौंपी जांच

बुधवार को वायरल वीडियो एसएसपी तक पहुंचा। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सिटी को सौंप दी है। एसएसपी ने 24 घंटे में जांच रिपोर्ट तलब की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वीडियो में दिखाई दे रही घटना और दरोगा की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।