नई दिल्ली: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में UPSC की तैयारी कर रहे 25 साल के एक छात्र का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के रहने वाले अल्ता भारत कुमार रेड्डी के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 2:38 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, छात्र पिछले करीब एक साल से किराए के फ्लैट में रहकर UPSC की तैयारी कर रहा था। वह एक रूममेट के साथ रहता था, जो करीब एक सप्ताह पहले अपने घर गया हुआ था।
फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद
फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दमकल विभाग की मदद से दरवाजा खोला गया। मौके पर क्राइम टीम और FSL की टीम ने जांच की। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पढ़ाई को लेकर तनाव और अवसाद का जिक्र होने की बात सामने आई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल किसी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर स्पष्ट होगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
इससे पहले अरुणा आसफ अली अस्पताल में एनेस्थीसिया विभाग में SR के पद पर तैनात डॉ सिमरप्रीत सिंह आनंद की सुसाइड का मामला सामने आया था। उनकी उम्र 35 साल थी और ड्यूटी पूरी होने के बाद जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनके सहकर्मियों को शंका हुई। वह ड्यूटी रूम नंबर-109 में मृत मिले।
ओल्ड राजेंद्र नगर में पहले भी आ चुके हैं सुसाइड के केस
अगस्त 2024 में भी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में किराए के कमरे में रहकर यूपीएससी की तैयारी करने वाली महाराष्ट्र की एक छात्रा ने बीते दिनों खुदकुशी कर ली थी। मिली जानकारी के मुताबिक, UPSC की इस छात्रा ने डिप्रेशन में आकर ये कदम उठाया था। सुसाइड नोट में इस बात का जिक्र किया गया था कि किस तरह यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्र तनाव से गुजरते हैं। सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी थी।
ये भी पढ़ें
बालिका वधू एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में बॉम्बे हाईकोर्ट से राहुल राज सिंह को राहत, केस से किया डिस्चार्ज
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)