Upcoming SUV: निसान की नई टेरानो एसयूवी 2027 की शुरुआत में लॉन्च की जा सकती है। इसके टेस्टिंग की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे एसयूवी के दमदार डिजाइन और फीचर्स का पता चलता है।
नई 'निसान टेरानो' एसयूवी
- Published: 06 Sep 2026, 07:26 PM IST
- Last Updated: 06 Sep 2026, 07:26 PM IST
Upcoming SUV: निसान ने अप्रैल में बीजिंग ऑटो शो के दौरान अपनी नई टेरानो पीएचईवी को शोकेस किया था। अब लॉन्च से पहले इस एसयूवी को रोड टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन और फीचर्स से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। उम्मीद है कि निसान टेरानो पीएचईवी को चीन में 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इसके बाद इसे ग्लोबल मार्केट में एक्सपोर्ट करने की संभावना है।
एक्सटीरियर डिजाइन
टेस्टिंग के दौरान नजर आई एसयूवी को टेरानो पीएचईवी का प्रोडक्शन वर्जन माना जा रहा है। इसका बाहरी डिजाइन काफी हद तक कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा दिखाई देता है। हालांकि, टेस्ट म्यूल में कॉन्सेप्ट में दिए गए कुछ खास ऑफ-रोडिंग फीचर्स नजर नहीं आए।
इसमें बोनट-माउंटेड फॉग लैंप, रूफ लाइट्स, फुल-लेंथ प्लेटफॉर्म रैक और ऑफ-रोड टायर नहीं दिए गए हैं। टेस्ट मॉडल में साधारण डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स दिखाई दिए, जबकि कॉन्सेप्ट मॉडल में ज्यादा दमदार अलॉय व्हील्स लगाए गए थे।
फ्रंट में पिक्सल-स्टाइल की बड़ी और लंबी लाइट्स दी गई हैं। इसके साथ पतली क्लोज्ड ग्रिल और बड़ा बंपर मिलता है, जिसमें स्किड प्लेट और अंडरबॉडी प्रोटेक्शन दिया गया है।
डिजाइन में दमदार लुक
निसान टेरानो का डिजाइन सीधा और शार्प रखा गया है। इसमें क्लैमशेल बोनट, फ्लेयर्ड व्हील आर्च, बॉडी क्लैडिंग, बड़े व्हील्स और बॉडी-कलर डोर हैंडल दिए गए हैं। इसके अलावा चौकोर ओआरवीएम और मजबूत रूफ रेल्स एसयूवी को दमदार लुक देते हैं।
फ्लोटिंग रूफ इफेक्ट देने के लिए सभी पिलर्स को ब्लैक-आउट किया गया है। इसमें 360-डिग्री कैमरा सेटअप जैसे फीचर्स मिलने की भी उम्मीद है।
इंटीरियर और फीचर्स
टेरानो पीएचईवी के केबिन में ड्यूल-टोन टैन और ग्रे कलर थीम देखने को मिलती है। सीटों, दरवाजों और डैशबोर्ड पर लेदरेट ट्रीटमेंट दिया गया है, जिससे केबिन को प्रीमियम लुक मिलता है।
एसयूवी में फ्लैट सेंटर कंसोल दिया गया है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक गियर सिलेक्टर, रोटरी ड्राइव मोड कंट्रोलर और टेरेन सेलेक्ट डायल के साथ टॉगल स्विच पैनल मिलता है। इसके अलावा ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और कप होल्डर्स भी दिए गए हैं।
निसान टेरानो पीएचईवी को प्रोडक्शन वर्जन में कॉन्सेप्ट की तुलना में ज्यादा व्यावहारिक डिजाइन और फीचर्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। चीन में लॉन्च के बाद इसके अन्य बाजारों में पहुंचने की संभावना पर भी नजर रहेगी।
(मंजू कुमारी)