आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर रविवार को यूपी चुनाव को लेकर एक अहम और बड़ी बैठक आयोजित की गई.
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से सीटों की मांग को लेकर 125 से 140 सीटों की संभावित सूची तैयार करने की योजना बनाई है. अगले कुछ दिनों में इस पर मंथन कर सूची सपा को सौंपी जा सकती है.
बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद मौजूद रहे. बैठक का फोकस आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को मजबूत करने और सीटों के बंटवारे की रणनीति पर रहा.
सम्बंधित ख़बरें
बैठक के बाद उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि अभी सब कुछ शुरुआती चरण में है. उन्होंने कहा, “गठबंधन मजबूत होगा. गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़े, यही हमारी प्रार्थना है.”
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव के लिए सपा का रोडमैप तैयार, अखिलेश यादव इस दिन जारी करेंगे मैनिफेस्टो
बैठक में तय हुईं 5 अहम बातें
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी के साथ हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में पार्टी की रणनीति को लेकर पांच मुख्य बिंदुओं पर सहमति बनी है:
सीटों को अंतिम रूप देना: अगले दो दिनों के भीतर पार्टी आंतरिक मंथन करके समाजवादी पार्टी (SP) से मांग जाने वाली सीटों के आंकड़ों को अंतिम रूप देगी.
125-140 सीटों की मांग: पार्टी ने फिलहाल 125 से 140 संभावित सीटों की एक सूची तैयार करने का निर्णय लिया है, जिन्हें वह सपा के सामने रखेगी.
सपा को सौंपी जाएगी सूची: अगले 3 से 4 दिनों के भीतर कांग्रेस इस तैयार की गई सूची को समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को सौंपेगी.
यह भी पढ़ें: आराधना मिश्रा बनीं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष, इमरान मसूद बनाए गए कार्यकारी अध्यक्ष
जीत के आधार पर चयन: इस सूची को तैयार करने में 'जिताऊ उम्मीदवार', सटीक जातिगत समीकरण, पार्टी का परंपरागत वोट बैंक और ऐतिहासिक रूप से मजबूत परंपरागत सीटों को मुख्य आधार बनाया जा रहा है.
लचीला रुख: सपा के साथ सीट शेयरिंग पर होने वाली चर्चा के दौरान कांग्रेस जीत की संभावना को देखते हुए सीटों की अदला-बदली और संख्या में कम-ज्यादा करने को लेकर खुले दिल से बातचीत करेगी.
इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि कांग्रेस आगामी चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की योजना बना रही है, और जल्द ही सीट बंटवारे को लेकर सपा के साथ आधिकारिक बातचीत शुरू होगी.
---- समाप्त ----