UP Smart Meter Explosion: सुल्तानपुर में एक साथ फटे 7 स्मार्ट मीटर; करंट फैलने से दो बच्चों समेत 4 लोग गंभीर रूप से झुलसे - Haribhoomi

Published on 22 अग॰ 2026

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बड़ा हादसा सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के पास अचानक सात स्मार्ट मीटर एक साथ फट गए। इस दौरान घरों में फैले हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

Sultanpur Smart Meter Blast

इस भीषण हादसे में एक घर के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए और घरों में रखे बिजली के उपकरण जलकर खाक हो गए।

  • Published: 22 Aug 2026, 12:52 PM IST
  • Last Updated: 22 Aug 2026, 12:52 PM IST

सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी के निकट पानी की टंकी के पास शुक्रवार दोपहर अचानक हुए जोरदार धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्र के सात अलग-अलग घरों में लगे बिजली के स्मार्ट मीटर एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए, जिससे पूरे घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इस भीषण हादसे में एक घर के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए और घरों में रखे बिजली के उपकरण जलकर खाक हो गए।

एक ही परिवार के चार लोग झुलसे, निजी अस्पताल में भर्ती
हादसे के वक्त सुमित अग्रहरि घर से बाहर थे। पड़ोसियों की सूचना पर जब वे घर पहुंचे तो देखा कि उनकी पत्नी प्रीति, बेटियां राजवी व शाम्भवी और छोटे भाई धीरज की पत्नी कंचन गंभीर रूप से झुलसी हुई थीं। कंचन के सिर में भी गंभीर चोट आई। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग पर समय से न पहुंचने और घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पेड़ की छंटाई के दौरान 132 KV लाइन से छू गई थी डाल
हादसे को लेकर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार वर्मा ने बताया कि यह घटना मीटर के तकनीकी डिफेक्ट से नहीं, बल्कि बाहरी शॉर्ट सर्किट के कारण हुई है। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा सहजन के पेड़ की छंटाई की जा रही थी। इसी दौरान पेड़ की डाल पास से गुजर रही 132 किलो वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। लाइन टच होते ही तेज शॉर्ट सर्किट हुआ और आसपास बने मकानों में करंट दौड़ गया, जिससे सात स्मार्ट मीटर ध्वस्त हो गए।

घटना की विभागीय जांच जारी, स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद से आवास विकास कॉलोनी और आसपास के निवासियों में बिजली विभाग के खिलाफ कड़ा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में हाईटेंशन लाइन के नीचे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए थे। वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी पड़ताल करवाई जा रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।