UP चुनाव और नुक्कड़ नाटक.... नए अंदाज में लोगों के बीच जाएगी बीजेपी, जनता को बताएगी PM मोदी की उपलब्धियां

Published on 20 सित॰ 2026

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बीजेपी प्रदेश में नमो सेवा अनकही कहानियां की शुरुआत करेगी. यूपी की सभी 403 विधानसभाओं में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर पीएम मोदी के 25 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने का काम नाटक और नाट्य मंचों के माध्यम से किया जाएगा. बता दें कि अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव है और भाजपा ने प्रदेश में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि दुनिया के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है. इस अभियान के तहत जनसेवा के कई कार्यक्रम होंगे, जो जनता को समर्पित रहेंगे.

उन्होंने कहा कि बीजेपी का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर जरूरतमंद तक योजनाएं पहुंचे ये सुनिश्चित करेंगे. भाजपा के कार्यकर्ता पीएम मोदी की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे.

403 विधानसभाओं में होगा नुक्कड़ नाटक का मंचन

डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी नमो सेवा अनकही कहानियां- पीएम मोदी के जीवन की अनकही कहानियां रंग मंच पर दिखाएगी. कलाकारों को रंग मंच के माध्यम से जनता के बीच पीएम मोदी की अनकही कहानियां प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.

उन्होंने कहा कि यूपी की सभी 403 विधानसभाओं में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर पीएम मोदी के 25 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने का काम नाटक और नाट्य मंचों के माध्यम से किया जाएगा और पीएम मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन को लोगों के बीच रखा जाएगा.

ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस दौरान बहुत सारे सामाजिक कार्य होंगे, जो प्रदेश और देश वासियों को समर्पित होंगे. चाहे गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक पीएम मोदी ने जो किया है, दूसरा ऐसा कोई नेता नहीं है, जिसने किया हो.

जन-जन तक पीएम मोदी के काम पर पहुंचाने का लक्ष्य

उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी के जो काम हैं, वो जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे. बीजेपी का एक-एक कार्यकर्ता जानता के बीच में रहकर उनके लिए सारी व्यवस्थाएं, जो पीएम मोदी ने आमजन के लिए किया , उनको पहुंचाने का काम कर रहा है.

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर महिलाओं को दो लाख देने की बात कही है. अखिलेश यादव की घोषणा पर ब्रजेश पाठक का डपोरशंख वाला तंज कसा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पता है कि कुर्सी उनसे बहुत दूर जा चुकी है. सत्ता आनी नहीं है इसलिए कुछ भी घोषणा करते हैं.

ये भी पढ़ें- UP में सरकारी डॉक्टर 70 वर्ष की उम्र तक दे सकेंगे सेवाएं डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का ऐलान

अभिजीत ठाकुर

अभिजीत ठाकुर

अभिजीत ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. 2014 में पत्रकारिता की शुरुआत Zee Media से हुई. दिल्ली में रिपोर्टिंग की. 2018 में ETV भारत के नेशनल ब्यूरो में बतौर रिपोर्टर जॉइन किया. इस दौरान संघ (RSS-VHP), शिक्षा, कृषि, पर्यटन के साथ किसान और मजदूरों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. 2022 में TV9 भारतवर्ष जॉइन किया और दिल्ली ब्यूरो का हिस्सा रहे. इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान,महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में कई बड़ी खबरों और इवेंट्स कवर करने का अवसर मिला. 2025 में लखनऊ ब्यूरो की जिम्मेदारी के साथ दिल्ली से लखनऊ भेजा गया. 17 साल दिल्ली में रहने के बाद अब कर्मस्थली यूपी की राजधानी है. अब उत्तर प्रदेश की राजनीति, सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाते हैं.

Read More

google button