'उदयनिधि नहीं, वल्गर-निधि कहिए' त्रिशा विवाद पर घमासान, TVK का तीखा हमला

Published on 4 अग॰ 2026

Aug 04, 2026 03:49 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

trisha udhayanidhi stalin: पुलिस हिरासत में लिए जाने के दौरान भी उदयनिधि स्टालिन का आक्रामक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने सरकार पर फर्जी वीडियो और एडिटेड क्लिप फैलाकर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

Udhayanidhi Stalin Trisha Remark

एक्ट्रेस और सीएम विजय की दोस्त तृषा के बारे में विवादित बयान देने के मामले में उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार किया गया

अभिनेत्री तृषा पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। मंगलवार सुबह चेन्नई स्थित आवास से हुई इस गिरफ्तारी के बाद राज्य के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिझागा वेत्री कड़गम' (TVK) ने डीएमके नेता पर तीखा जुबानी हमला बोला है। टीवीके नेता अमेरिकाई नारायणन ने कहा कि अपनी अभद्र भाषा के कारण उन्हें उदयनिधि नहीं, बल्कि 'वल्गर-निधि' कहा जाना चाहिए।

उधर, पुलिस हिरासत में लिए जाने के दौरान भी उदयनिधि स्टालिन का आक्रामक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने सरकार पर फर्जी वीडियो और एडिटेड क्लिप फैलाकर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

'तमिलनाडु की महिलाओं का अपमान किया'

टीवीके नेता अमेरिकाई नारायणन ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में उदयनिधि की गिरफ्तारी को जायज ठहराते हुए कहा कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक रंजिश का नतीजा नहीं है।

उन्होंने कहा, "उनका नाम क्या है? वल्गर-निधि? उन्हें उदयनिधि नहीं कहा जाना चाहिए, उन्हें अपना नाम बदलकर 'वल्गर-निधि' रख लेना चाहिए। उनकी गिरफ्तारी इसलिए नहीं हुई है कि उन्होंने सरकार या मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ बोला है, बल्कि इसलिए हुई है क्योंकि उन्होंने एक महिला का अपमान किया है। उन्होंने तमिलनाडु की सभी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।"

मैं डरने वाला नहीं, यह बेवकूफों की टोली है: उदयनिधि

मंगलवार सुबह जब तमिलनाडु पुलिस की टीम उदयनिधि को उनके घर से गिरफ्तार कर ले जा रही थी, तब उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपनी बात बेबाकी से रखी।

उदयनिधि ने कहा कि सरकार के पास कावेरी जल विवाद और किसानों की समस्याओं पर विपक्ष के सवालों का कोई जवाब नहीं है। कल के प्रदर्शन में उठाए गए मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह गिरफ्तारी की गई है।

डीएमके नेता ने आरोप लगाया कि उनके भाषण की फर्जी और एडिटेड क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है।

जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है, तो उन्होंने दो टूक कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनके पास इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने जितना दिमाग है। वे बेवकूफों का झुंड हैं। मैं इस फर्जी केस से डरने वाला नहीं हूं और हर परिणाम भुगतने को तैयार हूं।"

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

सोमवार को तंजावुर में कावेरी नदी के पानी को लेकर डीएमके का विशाल प्रदर्शन चल रहा था। मंच से संबोधित करते हुए उदयनिधि राज्य के जल संकट को लेकर मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे।

इसी दौरान भीड़ में से किसी ने अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाने शुरू कर दिए। नारे सुनते ही उदयनिधि थोड़ी देर के लिए रुके और चेहरे पर मुस्कान लाते हुए एक डबल मीनिंग टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी को अश्लील और महिला विरोधी बताते हुए टीवीके और बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मंगलवार सुबह यह बड़ी कार्रवाई की।