TRAI की सख्ती! Jio-Airtel-Vi को लाना होगा बिना डेटा वाला रिचार्ज, 28 नहीं देनी होगी 30 दिन की वैलिडिटी

Published on 22 सित॰ 2026

अगर आप मोबाइल में इंटरनेट इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम डेटा चलाते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है. TRAI ने नया नियम लागू किया है जिसके बाद Jio, Airtel, Vi और दूसरे टेलीकॉम ऑपरेटरों को सिर्फ कॉल और SMS वाले ज्यादा विकल्प देने होंगे. इन प्लान की कीमत डेटा वाले प्लान से कम रखनी होगी. यानी आगे चलकर उन लोगों को डेटा के लिए पैसे देने की जरूरत नहीं होगी, जिन्हें इसकी जरूरत ही नहीं है.

मोबाइल रिचार्ज पिछले कुछ साल में काफी बदल गया है. आज ज्यादातर कंपनियों के लोकप्रिय प्लान में कॉलिंग, SMS और डेटा तीनों एक साथ मिलते हैं. अगर किसी यूजर को सिर्फ कॉल करनी है, तब भी उसे अक्सर ऐसा पैक चुनना पड़ता है जिसमें डेटा शामिल होता है. अब TRAI यानी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसी समस्या को दूर करने के लिए नया नियम जारी किया है.

TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026 को 21 सितंबर 2026 को जारी किया है. हालांकि यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा. ऑफिशियल नियम के मुताबिक यह ऑफिशियल गजट में पब्लिश होने के 30 दिन बाद लागू होगा.

सम्बंधित ख़बरें

अब सिर्फ कॉल-SMS वाला सस्ता रिचार्ज मिलेगा

नए नियम का सबसे बड़ा असर यही होगा कि अगर कोई टेलीकॉम कंपनी किसी खास अवधि का ऐसा प्लान बेचती है जिसमें Voice, SMS और Data तीनों हैं, तो उसे उसी तरह की अवधि के लिए वॉयस और SMS-only प्लान भी देना होगा.

यह भी पढ़ें: सिर्फ ₹50 रुपये में मिलेगा Jio का VIP नंबर! ऐसे चुनें मनचाहा नंबर, जानें पूरा तरीका

यानी अगर किसी कंपनी के पास 28 दिन का कॉलिंग + SMS + डेटा वाला प्लान है, तो उसे उसी तरह की अवधि में बिना डेटा वाला ऑप्शन भी देना होगा. अगर कंपनी 30 दिन या उससे कम की दूसरी वैलिडिटी वाले डेटा-बंडल प्लान बेचती है, तो उन अवधि के लिए भी Voice-SMS-only विकल्प देने होंगे.

यहां सबसे महत्वपूर्ण बात कीमत है. TRAI ने साफ कहा है कि इन वॉयस और SMS-only STV यानी स्पेशल टैरिफ वाउचर में डेटा हटाने के हिसाब से उचित कीमत कम करनी होगी. इसका मतलब यह नहीं है कि TRAI ने कोई एक फिक्स कीमत तय कर दी है. उदाहरण के लिए यह नहीं कहा गया है कि 28 दिन का कॉलिंग प्लान अब ₹100 का ही होना चाहिए. कंपनियां अपनी कीमत तय कर सकती हैं, लेकिन डेटा हटाने के बाद कीमत में उचित कमी करनी होगी.

अभी समस्या क्या थी?

TRAI ने अपने नए नियम के पीछे की वजह भी बताई है. दिसंबर 2024 में TRAI ने कंपनियों के लिए कम से कम एक Voice और SMS-only STV देना जरूरी किया था. इसके बाद Jio, Airtel, Vi जैसी कंपनियों ने ऐसे प्लान लॉन्च किए, लेकिन TRAI के मुताबिक इनकी संख्या बहुत कम रही. ज्यादातर Voice-SMS-only प्लान लंबी वैलिडिटी जैसे करीब 80/84 दिन या 336/365 दिन के थे. छोटे रिचार्ज विकल्प उपलब्ध नहीं थे. दूसरी तरफ डेटा वाले प्लान में ग्राहकों को कई तरह की वैलिडिटी मिल रही थी.

यह भी पढ़ें: Airtel का 77 दिन वाला सबसे सस्ता रिचार्ज, कीमत बस इतनी

यही वजह है कि ऐसे ग्राहक जो सिर्फ फोन कॉल या SMS चाहते हैं, उनके पास दो ही रास्ते रह जाते थे. या तो लंबी अवधि का महंगा Voice-SMS-only प्लान लें या फिर ऐसा प्लान लें जिसमें डेटा भी शामिल हो, भले ही उन्हें डेटा की जरूरत न हो.

TRAI ने अपने दस्तावेज में माना है कि इससे खासकर कम आय वाले लोगों, ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों, बुजुर्गों और फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए विकल्प लिमिटेड हो गए थे.

मोबाइल रिचार्ज सस्ता हो जाएगा?

कुछ ग्राहकों के लिए हां, लेकिन सभी के लिए नहीं. यह समझना जरूरी है कि TRAI ने सभी मोबाइल रिचार्ज की कीमत कम करने का आदेश नहीं दिया है. जिन लोगों को डेटा चाहिए और जो पहले से डेटा वाला प्लान इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके लिए इस नियम से सीधे तौर पर रिचार्ज सस्ता होने की गारंटी नहीं है. फायदा उन लोगों को होगा जिन्हें डेटा नहीं चाहिए. ऐसे ग्राहक अब डेटा के साथ आने वाले प्लान की जगह सिर्फ कॉल और SMS वाला प्लान चुन सकेंगे.

यह भी पढ़ें: Jio का ₹49 वाला प्लान, अनलिमिटेड डेटा के साथ मिलेगी इतनी वैलिडिटी

उदाहरण के लिए अगर किसी ग्राहक को महीने भर सिर्फ कॉलिंग चाहिए और वह इंटरनेट के लिए Wi-Fi इस्तेमाल करता है, तो उसे ऐसा प्लान चुनने का विकल्प मिलेगा जिसमें मोबाइल डेटा शामिल नहीं होगा. इसकी कीमत संबंधित डेटा वाले प्लान से कम होनी चाहिए. यही वह बदलाव है जिसकी वजह से आने वाले महीनों में वॉयस ऑनली और SMS ऑनली रिचार्ज प्लान्स ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकते हैं.

सिर्फ 28 दिन वाला चक्कर भी बदल सकता है

नए नियम में एक और दिलचस्प बदलाव है. TRAI ने कंपनियों के लिए ऐसा Voice-SMS-only प्लान भी जरूरी किया है जिसे हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके. अगर किसी महीने वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल होगा. यानी अगर किसी प्लान का रिन्यूअल हर महीने 15 तारीख को होता है, तो वह अगले महीने भी 15 तारीख को रिन्यू हो सकता है.

यह बदलाव उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है जो 28 दिन के रिचार्ज साइकल से परेशान रहते हैं. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि हर मौजूदा 28 दिन वाला प्लान अपने आप 30 दिन का हो जाएगा. TRAI ने कंपनियों को इस तरह का कम से कम एक विकल्प देने की बात कही है.

84 दिन और 365 दिन वाला प्लान भी खत्म नहीं होगा

नए नियम का मतलब यह भी नहीं है कि कंपनियां सिर्फ छोटे प्लान ही देंगी. TRAI ने कम से कम एक लंबी वैलिडिटी वाला Voice-SMS-only STV भी रखने को कहा है. यानी जिन लोगों को तीन महीने, छह महीने या साल भर के लिए सिर्फ कॉल और SMS चाहिए, उनके लिए भी विकल्प बना रहेगा. TRAI के मौजूदा FAQ के मुताबिक Voice और SMS-only packs में डेटा नहीं होता और ऐसे प्लान की वैलिडिटी 365 दिन तक हो सकती है.

Jio, Airtel और Vi पर क्या असर पड़ेगा?

इस नियम का सीधा असर सभी बड़े टेलीकॉम ऑपरेटरों के प्रीपेड प्लान्स पर पड़ेगा. आज भी बाजार में डेटा वाले प्लान की बड़ी संख्या है. Jio और Airtel के कई लोकप्रिय प्लान में कॉलिंग के साथ डेटा शामिल है. दूसरी तरफ कुछ Voice-SMS-only विकल्प पहले से मौजूद हैं. लेकिन TRAI की समस्या यही थी कि ये विकल्प सीमित वैलिडिटी और सीमित संख्या में उपलब्ध थे. अब कंपनियों को ज्यादा वैलिडिटी पर ऐसे विकल्प बनाने होंगे.

इससे एक और दिलचस्प बदलाव देखने को मिल सकता है. जब Jio, Airtel और Vi को एक ही तरह के डेटा-बंडल प्लान के सामने बिना डेटा वाला विकल्प रखना होगा, तो इनके बीच कीमत को लेकर मुकाबला भी बढ़ सकता है.

लेकिन यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि सभी कंपनियां बहुत सस्ते प्लान लॉन्च करेंगी. TRAI ने फिक्स कीमत तय नहीं की है, बल्कि डेटा हटाने के बाद उचित कीमत कम करने की शर्त रखी है. कंपनियों के पास अभी भी अपनी व्यावसायिक रणनीति के हिसाब से कीमत तय करने की गुंजाइश है.

TRAI ने कंपनियों की एक और दलील को भी खारिज किया

इस नियम पर चर्चा के दौरान कुछ टेलीकॉम कंपनियों और दूसरे स्टेकहोल्डर्स ने कहा था कि अगर Voice-SMS-only प्लान बहुत सस्ते हुए तो इससे कंपनियों की कमाई और नेटवर्क में निवेश पर असर पड़ सकता है. कुछ ने यह भी तर्क दिया कि अगर इन प्लान की मांग असलियत में ज्यादा होती तो कंपनियां खुद ऐसे विकल्प लेकर आतीं.

TRAI ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया. रेगुलेटर का कहना है कि मौजूदा Voice-SMS-only प्लान की कम मांग को सिर्फ कम ग्राहक मांग के रूप में नहीं देखा जा सकता, क्योंकि ये प्लान कई जगहों पर ठीक से दिखाए ही नहीं जा रहे थे और छोटे वैलिडिटी विकल्प मौजूद नहीं थे. TRAI ने यह भी साफ किया है कि नए Voice-SMS-only प्लान मौजूदा डेटा वाले प्लान को खत्म नहीं करेंगे. जिन लोगों को डेटा चाहिए, वे पहले की तरह डेटा-बंडल प्लान खरीद सकेंगे. नया नियम सिर्फ एक अतिरिक्त विकल्प देगा.

सबसे बड़ा फायदा किसे होगा?

इस बदलाव का सबसे सीधा फायदा उस व्यक्ति को होगा जो मोबाइल को मुख्य रूप से फोन कॉल के लिए इस्तेमाल करता है. मसलन घर में किसी बुजुर्ग के पास फीचर फोन है, किसी व्यक्ति के पास दूसरा SIM है जिसे वह सिर्फ कॉल के लिए रखता है, या कोई ग्राहक मोबाइल डेटा के लिए Wi-Fi पर निर्भर है. ऐसे लोगों के लिए हर महीने डेटा के साथ आने वाला प्लान लेना जरूरी नहीं होगा.

TRAI के अपने एनालिसिस में भी बुजुर्गों, ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों, फीचर फोन यूजर्स और कम डेटा इस्तेमाल करने वालों को ऐसे विकल्पों की जरूरत बताई गई है.

---- समाप्त ----