
तिरुपुर के ओपनर तुषार रहेजा ने मैच जिताऊ शतक लगायाImage Credit source: TNPL
भारतीय क्रिकेट टीम तो फिलहाल टेस्ट फॉर्मेट के मोड में ढल गई है और अब श्रीलंका में टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुट चुकी है. मगर भारतीय जमीन पर टी20 क्रिकेट का एक्शन फिर शुरू हो गया है. दिल्ली के साथ ही तमिलनाडु में भी राज्य की टी20 लीग शुरू हो चुकी है. तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL 2026) के नए सीजन के 5वें मैच में एकदम जबरदस्त टी20 मुकाबला देखने को मिला, जहां आईड्रीम तिरुपुर ने 18 ओवर में ही 206 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. ऐसा हुआ तुषार रहेजा के विस्फोटक शतक की वजह से.
शुक्रवार 7 अगस्त को डिंडिगुल में TNPL 2026 के पांचवें मैच में तिरुपुर का सामना चेपॉक सुपर गिलीज से हुआ. चेपॉक की पहले बल्लेबाजी आई और टीम ने 20 ओवर में 205 रन का दमदार स्कोर बनाया. टीम के लिए तीसरे नंबर के बल्लेबाज के आशिक ने बेहतरीन पारी खेली और सिर्फ 56 गेंदों में 98 रन बनाए. वो आखिरी ओवर में आउट हुए और अपना शतक पूरा नहीं कर सके. आशिक ने अपनी पारी में 7 छक्के और 6 चौके जमाए.
मगर चेपॉक का ये स्कोर भी तिरुपुर के सामने छोटा ही साबित हुआ और इसे संभव बनाया टीम के ओपनर तुषार रहेजा ने. शुरुआती 2 ओवर में ओपनर अमित सात्विक ने तेजी से 19 रन कूटे लेकिन उनके आउट होने के बाद रहेजा की बारी आई. इस बल्लेबाज ने यहां से मोर्चा संभाला और देखते ही देखते सिर्फ 50 गेंदों में शतक ठोक दिया. 18वें ओवर की पहली गेंद पर वो आउट हुए लेकिन तब तक जीत पक्की हो चुकी थी. इसी ओवर में तिरुपुर ने लक्ष्य हासिल कर लिया.
तुषार रहेजा ने 52 गेंदों की अपनी पारी में 102 रन बनाए, जिसमें 8 जबरदस्त छक्के और 5 चौके शामिल थे. वहीं उन्हें अच्छा साथ मिला प्रदोष रंजन पॉल का, जो 41 गेंदों में तेजी से 73 रन बनाकर नाबाद लौटे. प्रदोष की पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे. तिरुपुर ने ये मैच 7 विकेट से जीता और तुषार इस जीत के स्टार साबित हुए. इस जीत के साथ ही तिरुपुर ने सीजन में अपना खाता खोला. अपने पहले मैच में तिरुपुर को हार का सामना करना पड़ा था.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More