Times Now Sustainability Conclave 2026: श्रीया पिलगांवकर ने पर्यावरण को लेकर दिया संदेश, ट्रोलिंग पर कही ये बात

Published on 22 जुल॰ 2026

Image

श्रिया पिलगांवकर ने इवेंट में कही ये बात (Image Source: Times Now/ X)

Shriya Pilgaonkar Times Now Sustainability Conclave 2026: टाइम्स नाउ सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026 में इस बार पर्यावरण और बेहतर भविष्य को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस इवेंट में एक के बाद एक बड़े नाम पहुंच रहे हैं। अब इसी बीच इस खास कार्यक्रम में एक्ट्रेस श्रिया पिलगांवकर (Shriya Pilgaonkar) ने भी हिस्सा लिया और सस्टेनेबिलिटी को लेकर अपना बयान दिया। श्रिया पिलगांवकर ने इस दौरान अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खुलासे किए। श्रिया पिलगांवकर के खुलासों ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। तो चलिए जानते हैं श्रिया पिलगांवकर ने टाइम्स नाउ सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026 के दौरान क्या-क्या बोला है, जिसको लेकर इतनी चर्चा हो रही है।

सस्टेनेबिलिटी को लेकर कही ये बात

टाइम्स नाउ सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026 में एक्ट्रेस श्रिया पिलगांवकर ने पर्यावरण, समाज, अपने करियर और सोशल मीडिया पर मिलने वाली आलोचना जैसे कई मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि आज 'सस्टेनेबिलिटी' सिर्फ एक ट्रेंडी शब्द बनकर रह गया है, जबकि अब वक्त 'सर्वाइवेबिलिटी' यानी अस्तित्व बचाने की बात करने का है। उन्होंने कहा, 'बहुत से लोगों के लिए सस्टेनेबिलिटी सिर्फ एक कूल शब्द है। मैं खुद को किसी लेबल से जोड़ना नहीं चाहती। मुझे सिर्फ इतना करना है कि जो जरूरी है, वो करती रहूं। इसका पूरा श्रेय मेरी मां को जाता है। हमने कोंकण इलाके में जमीन का एक छोटा-सा टुकड़ा खरीदा था। वहां पहले कोई पेड़ नहीं थे, लेकिन पता चला कि कभी वो इलाका घने जंगलों से भरा हुआ था। इसके बाद मां ने काफी रिसर्च की और अब हम मियावाकी तकनीक से वहां छोटा जंगल तैयार कर रहे हैं। इसमें स्थानीय पेड़-पौधे लगाए जाते हैं, जिससे कम समय में घना जंगल तैयार हो जाता है।' श्रिया का मानना है कि बदलाव की शुरुआत हमेशा छोटे कदमों से होती है। उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी के कई लोग अब घर बनाने से लेकर रोजमर्रा की जिंदगी तक हर चीज को ज्यादा जिम्मेदारी के साथ देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई सच में पर्यावरण को लेकर गंभीर है, तो उसके लिए दिखावे की जरूरत नहीं है।

ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हूं, जो कुछ कहती भी हों

अपने काम को लेकर श्रिया ने कहा कि वो हमेशा ऐसी स्क्रिप्ट चुनने की कोशिश करती हैं, जो सिर्फ मनोरंजन न करें, बल्कि कोई संदेश भी छोड़ जाएं। उन्होंने कहा, 'मिर्जापुर' मुझे इसलिए पसंद आई क्योंकि उसकी कहानी बेहद दिलचस्प थी। 'द ब्रोकन न्यूज' रिपोर्टिंग की दुनिया पर आधारित थी और मुझे लगा कि मेरा किरदार लोगों पर असर छोड़ सकता है। 'गिल्टी माइंड्स' एक लीगल ड्रामा था। मुझे खुशी है कि मुझे ऐसे किरदार निभाने का मौका मिला, जिनकी अपनी सोच है और जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करते हैं।' श्रिया ने कहा कि वो ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हैं, जो समाज में बदलाव की बात करें, लेकिन साथ ही लोगों का मनोरंजन भी करें और कुछ समय के लिए उनकी परेशानियां भुला दें।

इन किरदारों ने समाज को देखने का नजरिया बदला

अपने करियर के 10 साल पूरे कर चुकी श्रिया का कहना है कि एक स्टार होने की सबसे खूबसूरत बात ये है कि उसे एक ही जिंदगी में कई जिंदगियां जीने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा, 'द ब्रोकन न्यूज' में राधा भार्गव का किरदार निभाने के बाद मुझे समझ आया कि समाज में बदलाव लाने की कोशिश करना कितना मुश्किल होता है। कई बार इसके लिए ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जो आसान नहीं होते। वहीं 'गिल्टी माइंड्स' में वकील कशफ क्वाजे का किरदार निभाने का अनुभव भी मेरे लिए बेहद खास रहा। इन दोनों किरदारों ने मुझे अंदर तक प्रभावित किया।

सोशल मीडिया की आलोचना पर क्या बोलीं श्रिया?

सोशल मीडिया पर मिलने वाली आलोचना को लेकर श्रिया ने साफ कहा कि अगर इंसान खुद को वो दिखाने की कोशिश करेगा, जो वो है ही नहीं, तो लोग सवाल जरूर उठाएंगे। उन्होंने कहा, 'अगर आप ऐसे बनने की कोशिश करेंगे, जो आप हैं ही नहीं, या यह दिखाएंगे कि आपको हर चीज की जानकारी है, तो लोग आपको जरूर टोकेंगे। लेकिन अगर मैं खुद ही कह दूं कि मैं एक्सपर्ट नहीं हूं और अभी भी सीख रही हूं, तो फिर कोई मुझे गलत साबित नहीं कर सकता।' श्रिया का मानना है कि सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत उसकी कहानी होती है। उन्होंने ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को सिर्फ ये कहना काफी नहीं कि पेड़ मत काटो या वन्यजीवों को नुकसान मत पहुंचाओ। एक अच्छी कहानी लोगों को सोचने पर मजबूर करती है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मेरा मानना है कि अगर ज्यादा लोग इस माध्यम का सही इस्तेमाल करें, तो समाज पर बड़ा असर डाला जा सकता है।

Abhay

अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Entertainment
  • Web-Series

End of Article