पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: झोटा हत्याकांड की जांच CBI को, शाह बोले- इंसाफ मिलेगा; AAP नेता रो पड़ीं; सारा अली खान गोल्डन टेंपल में नतमस्तक - Punjab News

Published on 20 अक्टू॰ 2026

.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा है। गृहमंत्री पंजाब में नशे के कारण मारे गए लोगों के परिजन से मुलाकात करने आए। उन्होंने परिजन को इंसाफ का भरोसा दिया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. गृहमंत्री अमित शाह बोले- इंसाफ मिलेगा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पंजाब दौरे पर रहे। वह गुरदासपुर में नशे का विरोध करने पर कत्ल किए गए बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मिले। इसके बाद संगरूर में आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिजन से मुलाकात की।

शाम करीब 4 बजे मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के परिवार से भी मिले। उन्होंने परिवारों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया। शाम को उन्होंने लुधियाना के दरेसी ग्राउंड में शहर के सबसे बड़े दशहरे मेले में हिस्सा लेकर रावण दहन किया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. शाह के दौरे पर CM बोले- BJP का प्रचार ठीक नहीं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे के बीच पंजाब के CM भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। फ्रांस दौरे से लौटने के बाद आज सुबह ही उन्होंने मानसा में परमिंदर झोटा मर्डर केस की जांच CBI को सौंपने का फैसला किया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा- देश के गृहमंत्री अमित शाह आज पंजाब के दौरे पर आए हैं। वह देश के गृहमंत्री हैं, जब मर्जी वह आ सकते हैं, लेकिन BJP प्रचार कर रही है कि वह पंजाब बचाने आए हैं। पंजाब को नशा मुक्त करने आए हैं। यह ठीक नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. झोटा के अंतिम संस्कार से पिता का इनकार

मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा हत्याकांड की जांच CBI करेगी। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के झोटा के परिवार से मिलने से पहले CM भगवंत मान ने इसका ऐलान कर दिया।

CM भगवंत मान ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए, हम यह केस CBI को सौंप रहे हैं। हालांकि, CM के इस ऐलान के बाद भी झोटा का परिवार संतुष्ट नहीं है। उनके पिता भीम सिंह ने कहा कि हम अभी अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। CM और DGP के इस्तीफे के लिए अमित शाह से बात करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. हलका इंचार्ज से हटाने पर AAP नेत्री रो पड़ीं

जालंधर कैंट में AAP के हलका इंचार्ज पद से हटाए जाने के बाद राजविंदर कौर थियाड़ा भावुक हो गईं और रो पड़ीं। AAP की दिल्ली टीम से बातचीत के दौरान उनकी कॉन्फ्रेंस कॉल की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें थियाड़ा ने कहा कि जिस बाली को कोई जानता तक नहीं, उसे जिम्मेदारी दे दी गई।

थियाड़ा ने कहा- मैंने 14 साल पार्टी को दिए हैं और जालंधर कैंट में पार्टी का आधार बनाया। मेरे वर्करों ने दिन-रात मेहनत की। रात 12 बजे तक लड़के काम करते रहे। इस दौरान वह कैंसर से जूझ रही बहन से मिलने तक नहीं जा सकीं। पिता मिलने के लिए तड़पते रहे। उनसे मिलने नहीं जा पाईं। अब पार्टी कह रही है कि सर्वे के आधार पर मुझे जिम्मेदारी से हटाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. पायलट बोले- गैंगस्टरों को पंजाब लाकर सजा देंगे

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर गैंगस्टरवाद का पूरी तरह सफाया किया जाएगा। गैंगस्टरों को पंजाब लाकर सजा दी जाएगी। उन्होंने यह बात पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के साथ तरनतारन के पट्टी में कही।

दोनों नेता पट्टी में पूर्व विधायक हरमिंदर सिंह गिल के कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने गैंगस्टरों द्वारा मारे गए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पट्टी के अध्यक्ष गुरमेल सिंह तूत के परिवार से मुलाकात की। पायलट और परगट सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. DC के गनमैन ने पत्नी-बेटों को गोली मारकर सुसाइड किया

मानसा में मंगलवार सुबह पुलिसकर्मी ने अपनी सरकारी बंदूक से पत्नी और दो बेटों को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में पुलिसकर्मी और उसके छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बड़े बेटे को बठिंडा एम्स रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान पुलिसकर्मी गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत सिंह के रूप में हुई है। वहीं, पत्नी हरप्रीत कौर और दूसरे बेटे दिलशान सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। गुरविंदर सिंह मानसा के डिप्टी कमिश्नर के गनमैन के रूप में तैनात थे और पिछले दो दिनों से छुट्टी पर चल रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

7. सरकारी ठेकेदार ने पिस्टल से खुद को गोली मारी

मोहाली के खरड़ में सरकारी ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसकी लाश खून से लथपथ घर के बेडरूम में बेड के पास फर्श पर पड़ी मिली। ठेकेदार 5 बेटियों का पिता था।

मृतक की पहचान शरणजीत सिंह के नाम से हुई है, जो पत्नी और एक बेटे की मौत के बाद अपने पिता के साथ रहते थे, लेकिन घटना के वक्त घर पर वह अकेले ही थे। पिता के मुताबिक, पत्नी की मौत के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे और उन्होंने सरकारी ठेके लेने का काम भी छोड़ दिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

8. सारा अली खान और आयुष्मान खुराना गोल्डन टेंपल पहुंचे

बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान और एक्टर आयुष्मान खुराना मंगलवार को अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में नतमस्तक हुए। दोनों कलाकार अपनी आने वाली फिल्म उड़ता तीर की रिलीज से पहले गुरु घर में माथा टेकने पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और गुरबाणी कीर्तन भी सुना।

इस दौरान सारा अली खान हल्के सुनहरे क्रीम रंग का सूट पहने नजर आईं। उन्होंने सिर पर दुपट्टा लिया हुआ था। वहीं, अभिनेता आयुष्मान खुराना भी पारंपरिक कुर्ता-पायजामा पहने दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने धार्मिक माहौल में समय बिताया और गुरु घर का आशीर्वाद लिया। (पढ़ें पूरी खबर)

9. दलेर मेहंदी के बचाव में उतरे मीका सिंह

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में लाइव शो में हुए विवाद पर उनके छोटे भाई सिंगर मीका सिंह ने सफाई दी है। मीका ने वीडियो जारी कर दलेर मेहंदी के शराब पीकर गाने के आरोपों को गलत बताया।

उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी ने जिंदगी में कभी शराब नहीं पी। शो के समय उनकी तबीयत खराब थी। हाल ही में उनका ऑपरेशन भी हुआ था, लेकिन उन्होंने अपनी कमिटमेंट पूरी करने के लिए कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। अगर कोई दलेर को शराब पीते हुए देख ले, तो मैं गाना छोड़ दूंगा। 18 अक्टूबर की रात उत्तराखंड के टिहरी-गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी को मंत्री सुबोध उनियाल ने फटकार लगाई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके

10. दशहरे पर रावण की पूजा, 191 साल पुरानी परंपरा

पूरे देश में दशहरे पर जहां रावण के पुतले जलाने की परंपरा है, वहीं लुधियाना के गांव पायल में दशहरे के दिन भगवान श्रीराम के साथ रावण की पूजा करने की प्रथा प्रचलित है। यहां राम मंदिर के पास ही रावण की प्रतिमा बनाई गई है। यह प्रतिमा 191 साल पुरानी है, जिसे समय-समय पर रिनोवेट किया गया।

उत्तर प्रदेश से आकर हकीम वीरबल दास दुबे ने पायल में संतान प्राप्ति के लिए साल 1835 में राम मंदिर की स्थापना की। उसी साल दशहरे के दिन रावण की प्रतिमा भी स्थापित की। उसी दिन उन्होंने लोगों को रावण दहन करने के बजाय उसकी पूजा करने के लिए प्रेरित किया। तब से लोग संतान प्राप्ति की कामना लेकर यहां दशहरे के दिन विशेष रूप से रावण की पूजा करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)