
टाइगर श्रॉफ और गैंगस्टर अनिल पंडित
Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुष्पा पार्क के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने एक्टर की गाड़ी पर तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए गैंगस्टर अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही है. हालांकि, इस दावे की पुष्टि और हमले के पीछे की वजह की जांच की जानी बाकी है. आइए जानते हैं कि कौन है अनिल पंडित, जिसने ली हमले की जिम्मेदारी…
जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित का नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े उन अपराधियों में शामिल है, जिन पर विदेश में रहकर देश में आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क चलाने के आरोप हैं. जून 2026 में दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित एक जिम पर हुई फायरिंग के बाद भी अनिल पंडित का नाम चर्चा में आया था.
दिल्ली में जिम पर कराई थी फायरिंग
वहीं, 11 जून को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जिम पर गोलियां चलाई थीं. सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से किए गए एक पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली गई थी. जिम को पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जोड़ा गया था. हालांकि, उस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी. पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया था.
टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर घायल
मुंबई के जुहू में हुई घटना के समय टाइगर श्रॉफ अपनी कार से एक ग्राउंड से बाहर निकल रहे थे. टाइगर श्रॉफ को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा थे. इसी दौरान भीड़ के बीच से उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. टाइगर श्रॉफ के घायल होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित हैं.

हालांकि, घटना में उनके ड्राइवर और एक स्थानीय ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह गोलीबारी होना गंभीर मामला माना जा रहा है. फिलहाल, सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सत्यता, हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More