टेस्ला की रोबोटैक्सी सर्विस के सामने रात में ड्राइविंग को लेकर एक बड़ी तकनीकी चुनौती आ रही है. कंपनी के CEO एलन मस्क ने माना है कि अंधेरे में सड़क पर छोटे जानवरों को पहचानना मुश्किल हो रहा है. खास तौर पर ऐसे जानवर, जिनका रंग सड़क से मिलता-जुलता हो, उन्हें कैमरों से पहचानना चैलेंजिंग है.
मस्क ने बताया कि रात में रोबोटैक्सी को सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए कंपनी इस समस्या को दूर करने पर काम कर रही है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अंधेरे में सड़क पर ग्रे बिल्ली के बच्चे को पहचानना मुश्किल होता है. उनका कहना है कि कंपनी की कोशिश है कि रोबोटैक्सी रात में ऐसे पालतू जानवरों को टक्कर न मारे.
रात 11 बजे तक चल रही रोबोटैक्सी
टेस्ला ने हाल ही में ऑस्टिन में अपनी रोबोटैक्सी सर्विस का समय एक घंटे बढ़ाया है. अब यह सर्विस रात 11 बजे तक चल रही है. इससे पहले रात में यह सर्विस 10 बजे तक ही उपलब्ध थी. हालांकि, यह समय अभी भी उस समय से कम है, जब जून 2025 में रोबोटैक्सी सर्विस शुरू की गई थी. उस समय यह सुबह 6 बजे से आधी रात तक चलती थी.
रात में कैमरों के सामने क्यों आती है समस्या?
टेस्ला की ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक मुख्य रूप से कैमरों पर निर्भर करती है. कैमरे किसी वस्तु को पहचानने के लिए रोशनी और उसके आसपास के बैकग्राउंड के बीच अंतर यानी कॉन्ट्रास्ट पर निर्भर रहते हैं. अगर सड़क काली है और उस पर कोई गहरे रंग का छोटा जानवर बैठा है, तो कैमरे के लिए उसे पहचानना मुश्किल हो सकता है. खासकर कम रोशनी में यह समस्या और बढ़ जाती है. इसके मुकाबले लिडार और रडार जैसे सेंसर अलग तरीके से काम करते हैं. लिडार लेजर का इस्तेमाल करके आसपास की चीजों की दूरी और उनकी 3D जानकारी तैयार करता है. वहीं, रडार रेडियो तरंगों की मदद से वस्तुओं की दूरी और उनकी स्पीड का पता लगा सकता है.
Tesla ने Lidar क्यों नहीं अपनाया?
टेस्ला ने लंबे समय से कैमरा बेस्ड विजन सिस्टम पर भरोसा किया है. मस्क पहले भी लिडार को लेकर विरोध में बयान दे चुके हैं. टेस्ला ने 2021 में अपनी प्रोडक्शन कारों से रडार हटाना शुरू किया और 2022 में अल्ट्रासोनिक सेंसर भी हटा दिए. कंपनी का मानना रहा है कि ज्यादा सेंसर से मिलने वाले अलग-अलग डेटा को मिलाने में जटिलता बढ़ सकती है. इसी वजह से टेस्ला ने लिडार को भी अपने वाहनों में शामिल नहीं किया है.
ये भी पढ़ें- Honda City को टक्कर देने ₹9.99 लाख में आई धांसू कार, मिलेगा सीट मसाज जैसा फीचर

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More