
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता. (फाइल फोटो)
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को भारत मंडपम में जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (JOSH) टीमों के शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद, विधायक, पार्षद, अधिकारी, NCC कैडेट्स और युवा वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं से टीबी-मुक्त भारत के राष्ट्रीय मिशन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश टीबी उन्मूलन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और JOSH टीमों का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
टीबी-मुक्त भारत का संकल्प होगा साकार
रेखा गुप्ता ने कहा कि हेल्थ, यूथ और डिफेंस की त्रिशक्ति मिलकर टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करेगी. JOSH के जरिए युवा वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि और अधिकारी लोगों के बीच जाकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और इसके उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करेंगे.
राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और उत्साह को टीबी के खिलाफ अभियान से जोड़कर इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है. उन्होंने टीबी हारेगा, देश जीतेगा के संकल्प के साथ सभी युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया.
कुछ भी असंभव नहीं: रेखा गुप्ता
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हम करके रहेंगे के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्वास हर चुनौती का सामना करने की ऊर्जा देता है. रेखा गुप्ता ने कहा कि कुछ भी असंभव नहीं है और हर असंभव के भीतर संभव की संभावना छिपी होती है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब भारत स्वस्थ और समृद्ध होगा.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More