किसका कटेगा पत्ता!
Published: Monday, July 13, 2026, 13:04 [IST]
Suryakumar Yadav Comeback: भारतीय टी-20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप झेलने वाली भारतीय टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं। अपनी कप्तानी में भारत को 2025 का एशिया कप और 2026 का टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले सूर्या पिछले कुछ समय से बल्ले से संघर्ष कर रहे थे।
क्या होगी सूर्यकुमार यादव की वापसी ? (Suryakumar Yadav Comeback)
सूर्यकुमार यादव के लगातार फ्लॉप प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को जिम्मेदारी सौंप दी थी। सूर्या के टीम से बाहर होने के बाद भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी गिरा है और टीम को आयरलैंड से 0-2 और हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर 0-4 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। इस बीच भारत के पूर्व अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि सूर्यकुमार यादव का अंतरराष्ट्रीय करियर अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल एश की बात पर सूर्या की वापसी को लेकर एक खास प्लान बताया।
घरेलू क्रिकेट से शुरू होगा रास्ता
रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि सूर्यकुमार यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ी के लिए राष्ट्रीय टीम के दरवाजे कभी भी पूरी तरह बंद नहीं होने चाहिए। उन्होंने सूर्या की वापसी के लिए एक रोडमैप शेयर किया है। अश्विन के मुताबिक सूर्या को सबसे पहले घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर फोकस करना चाहिए और मुंबई के लिए खेलते हुए वहां बड़ा स्कोर बनाना होगा।
आईपीएल में दिखाना होगा दम
घरेलू क्रिकेट की इस फॉर्म को उन्हें आईपीएल सीजन में भी बरकरार रखना होगा। इन दोनों बड़े मंचों पर लगातार धमाकेदार प्रदर्शन ही चयनकर्ताओं को उन्हें वापस बुलाने के लिए मजबूर कर सकता है। अश्विन ने यह साफ किया कि सूर्या के लिए वापसी की यह राह बिल्कुल आसान नहीं होगी। जिस तरह उन्हें टीम और कप्तानी से हटाया गया है, उसके बाद टीम में वापसी के समीकरण बदल चुके हैं।
टीम इंडिया को क्यों है सूर्या की जरूरत?
अब चूंकि श्रेयस अय्यर टीम के कप्तान बन चुके हैं, इसलिए सूर्या की कप्तान के तौर पर वापसी संभव नहीं है। उन्हें नंबर 3 या नंबर 5 पर एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में जगह बनाने के लिए जबरदस्त खेल दिखाना होगा। भारतीय टीम की मौजूदा कमजोरियां यह बताती हैं कि मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी की कमी खल रही है। भारतीय टीम हाल के मैचों में स्पिन गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती दिखी है, जबकि सूर्या स्पिनर्स के खिलाफ तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं।