साउथ अफ्रीका अपने ही जाल में फंसा, घर में ऑस्ट्रेलिया से पिछड़ा, डरबन टेस्ट में हालत खराब

Published on 11 अक्टू॰ 2026

साउथ अफ्रीका अपने ही जाल में फंसा, घर में ऑस्ट्रेलिया से पिछड़ा, डरबन टेस्ट में हालत खराब

नाथन लायन ने साउथ अफ्रीका को बड़े झटके दिएImage Credit source: PTI

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका को शायद ही इस बात का एहसास रहा होगा कि जो जाल वो ऑस्ट्रेलिया के लिए तैयार कर रहा है, उसमें खुद फंस जाएगा. लंबे समय बाद अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज की मेजबानी कर रही साउथ अफ्रीकी टीम पहले ही मैच में मुश्किलों में फंस गई है. मैच के पहले दिन दबदबा बनाने वाली साउथ अफ्रीका, तीसरे दिन तक 139 रन से पिछड़ गई. डरबन टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेजबान टीम पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के स्कोर के आस-पास भी नहीं पहुंच पाई.

बिखर गई साउथ अफ्रीकी पारी

इस मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के 6 विकेट सिर्फ 124 रन पर लुढ़काने के बाद से ही साउथ अफ्रीका की पकड़ ढीली होती गई. एक तरफ ऑस्ट्रेलिया ने मैट रेनशॉ के शतक की मदद से पहली पारी में 390 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. फिर ऑस्ट्रेलियाई बॉलिंग अटैक ने साउथ अफ्रीका को उसकी पहली पारी में 284 रन पर ही रोक दिया. इसकी एक वजह साउथ अफ्रीका का अति आक्रामक रवैया भी रहा.

साउथ अफ्रीका ने तीसरे दिन की शुरुआत 27/1 के स्कोर के साथ की. एडन मार्करम और डेविड बेडिंगहम ने मजबूत आगाज किया और टीम को 84 रन तक पहुंचाया. यहां पर मार्करम आउट हुए और देखते ही देखते 99 रन तक टीम के 4 विकेट गिर गए, जिसमें बेडिंगहम भी शामिल थे. इसमें स्टीव स्मिथ की बेहतरीन कैचिंग का भी योगदान था, जिन्होंने स्लिप में साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा और बेडिंगहम के हैरतअंगेज कैच लपके.

अपने जाल में कैसे फंसा साउथ अफ्रीका?

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जॉश हेजलवुड की पेस तिकड़ी से तो साउथ अफ्रीकी पिचों पर अपना कहर बरपाने की उम्मीद थी ही और उन्होंने ऐसा किया भी. मगर यहां बड़ा अंतर साबित हुए अनुभवी स्पिनर नाथन लायन. असल में साउथ अफ्रीका ने किंग्समीड स्टेडियम की पिच को स्पिनर की मददगार बनवाया था और इसलिए प्लेइंग-11 में 2 स्पिनर भी रखे.

मगर जहां उसके दो स्पिनर मिलकर सिर्फ 1 विकेट ही ले सके, वहीं लायन ने खुद ही 2 विकेट ले लिए और साथ ही रन रोककर दबाव भी बनाया. उनके दबाव का ही असर था कि दोनों विकेट रिवर्स स्वीप शॉट पर मिले, जो कि टेस्ट क्रिकेट में कम ही दिखता है. टेंबा बावुमा और विकेटकीपर काइल वेरेना ने ये शॉट खेले और संयोग से दोनों बार स्मिथ ने स्लिप में हैरतअंगेज कैच लपके. वहीं दिन के खेल का अंत फिर खराब रोशनी के कारण जल्दी करना पड़ा और तब तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 33 रन बना लिए थे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button