फाजिल्का में हादसे में पहुंची पुलिस तो हाथ लगा तस्कर: आरोपियों की बाइक स्कूटी से टकराई, SSF पहुंची तो एक फरार, 90 ग्राम हेरोइन मिली - Fazilka News

Published on 28 अग॰ 2026

फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे ने दो नशा तस्करों की पोल खोलकर रख दी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर जब सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) मौके पर पहुंची, तो पुलिस को देखकर दोनों तस्कर घबरा गए।

.

इस दौरान एक तस्कर तो अपनी बाइक लेकर भागने में कामयाब रहा, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दूसरे को दबोच लिया। तलाशी लेने पर पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जलालाबाद से फाजिल्का ला रहे थे हेरोइन

सदर थाना के एसएचओ हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि दो नशा तस्कर बाइक पर सवार होकर जलालाबाद की तरफ से हेरोइन की एक खेप लेकर फाजिल्का की ओर आ रहे थे। जब वे फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर स्थित गांव लक्खे के उताड़ के नजदीक पहुंचे, तो उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही एक स्कूटी से हो गई।

इस सड़क हादसे में दोनों ही वाहनों पर सवार लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन दुर्घटना के कारण मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच हाईवे पर गश्त कर रही सड़क सुरक्षा फोर्स को जैसे ही हादसे की भनक लगी, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए।

पुलिस देख घबराए, एक बाइक लेकर फरार

पुलिस को अपनी ओर आता देख बाइक सवार दोनों तस्कर बुरी तरह घबरा गए। पुलिस की भनक लगते ही एक आरोपी अपनी बाइक को तेजी से भगाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस टीमों ने घेराबंदी करके मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान हिमांशु पुत्र विनोद कुमार, निवासी जम्मू बस्ती, अबोहर के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी शैंपी, निवासी अजीत नगर, अबोहर भागने में कामयाब रहा।

गिरफ्तार आरोपी का है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

एसएचओ हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी हिमांशु पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे साफ है कि वह आदतन अपराधी है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर उसका रिमांड हासिल करेगी ताकि पूछताछ में यह पता लगाया जा सके कि वह यह हेरोइन जलालाबाद में किससे लेकर आया था और आगे फाजिल्का में किसे सप्लाई की जानी थी।

सदर पुलिस ने फरार आरोपी शैंपी की गिरफ्तारी के लिए भी अबोहर और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और दावा किया है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।