भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB-APF की समन्वय बैठक: जवानों के बीच दोस्ती बढ़ाने के लिए वॉलीबॉल मैच, तस्करी रोकने को संयुक्त गश्ती - Araria News

Published on 20 सित॰ 2026

अररिया के सिकटी स्थित भारत-नेपाल सीमा चौकी पर 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल एपीएफ की तीसरी वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई।

.

बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।

देखें, मौके से आई तस्वीरें…

तस्करी और अवैध गतिविधियों पर साझा रणनीति

बैठक में सीमा क्षेत्र में तस्करी, सीमा अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने को लेकर दोनों पक्षों ने अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

संयुक्त गश्ती से सीमा सुरक्षा का जायजा

बैठक के बाद SSB और नेपाल एपीएफ के जवानों ने सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्ती की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जवानों को सीमा पर लगातार सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

वॉलीबॉल मैच में नेपाल एपीएफ की टीम जीती

सुरक्षा समन्वय के साथ दोनों देशों के जवानों के बीच आपसी विश्वास और भाईचारा बढ़ाने के लिए वॉलीबॉल मैच भी आयोजित किया गया। मुकाबले में SSB और नेपाल एपीएफ के जवानों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैच में नेपाल एपीएफ की टीम विजयी रही। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की खेल गतिविधियां दोनों सुरक्षा बलों के बीच दोस्ती और सद्भाव को मजबूत करती हैं।

साझा जिम्मेदारी से मजबूत होगी सीमा सुरक्षा

52वीं वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है। नियमित समन्वय बैठक, संयुक्त गश्ती और आपसी बातचीत के जरिए सीमा पर उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का प्रभावी तरीके से सामना किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा गतिविधियों के अलावा खेल और सामाजिक कार्यक्रम भी दोनों देशों के जवानों के बीच विश्वास और सद्भाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप कमांडेंट विनोद मीणा, सहायक कमांडेंट कृष्ण कुमार, सहायक कमांडेंट कृष्णा कुमार मीणा मौजूद रहे। नेपाल एपीएफ की ओर से एसपी गहेंद्र बहादुर भंडारी, डीएसपी बिकास विजय, निरीक्षक टीकाराम माला समेत अन्य अधिकारी और जवान शामिल हुए।