Srinagar Airport पर IndiGo Flight खंभे में जा घुसी, 200 यात्रियों और क्रू की सांसें अटकी! कैसे हुआ हादसा?

Published on 4 सित॰ 2026

Time Updated: Friday, September 4, 2026, 14:19 [IST]

Srinagar Airport IndiGo Flight Accident Reason: श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार (4 सितंबर) सुबह इंडिगो की एक फ्लाइट पार्किंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची IndiGo Flight 6E 225 पार्किंग स्टैंड पर खड़ी किए जाने के दौरान एक VDGS पोल से टकरा गई।

टक्कर के बाद पोल एक तरफ झुक गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार करीब 200 यात्री और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

indigo-flight-hits-pole

पार्किंग के दौरान पोल से टकराया विमान

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 शुक्रवार सुबह करीब 9:02 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट के बे नंबर 6 पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई। दुर्घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में पार्किंग स्टैंड का सीधा खड़ा धातु का पोल टक्कर के बाद एक तरफ झुका हुआ नजर आ रहा है।

सभी यात्री और क्रू सुरक्षित

इंडिगो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की थी। इसके बाद पार्किंग के दौरान विमान एक पार्किंग स्टैंड के पोल से टकरा गया। एयरलाइन के मुताबिक, विमान में मौजूद सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। यात्रियों को विमान से उतारने के लिए मैन्युअल सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

विमान को जांच और मेंटेनेंस के लिए रोका गया

इंडिगो ने बताया कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित अधिकारियों को घटना की तत्काल जानकारी दी गई है। एयरलाइन और संबंधित अधिकारी मिलकर घटना की जांच कर रहे हैं। विमान को आवश्यक तकनीकी जांच और रखरखाव के लिए फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान का दोबारा परिचालन शुरू किया जाएगा।

क्या थी हादसे की वजह?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पार्किंग के दौरान विमान VDGS पोल से क्यों टकराया। शुरुआती जानकारी में सिर्फ इतना सामने आया है कि लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग स्टैंड पर ले जाते समय यह घटना हुई। विमान के पार्किंग मूवमेंट, ग्राउंड ऑपरेशन और संबंधित सुरक्षा प्रक्रियाओं की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसलिए अभी इसे पायलट की गलती या किसी तकनीकी खराबी से जोड़ना जल्दबाजी होगी।

एयरपोर्ट का संचालन सामान्य

हादसे के बावजूद श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का परिचालन सामान्य बताया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अन्य उड़ानों का आगमन और प्रस्थान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा। इंडिगो ने भी कहा है कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना की जांच के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में लाने का फैसला किया जाएगा। यानी फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि एक विमान के पार्किंग के दौरान पोल से टकराने के बावजूद करीब 200 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।