‘Spider-Man: Brand New Day’ ने भारत में 11 दिन में नेट 400 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। माना जा रहा है कि 12वें दिन इस फिल्म की ग्रॉस कमाई 500 करोड़ पार हो जाएगी।
टॉम हॉलैंड स्टारर ‘Spider-Man: Brand New Day’ का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन जारी है। फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन लगभग 11.9% फीसदी की ग्रोथ दर्ज की, जिसकी बदौलत यह फिल्म भारत में 400 करोड़ रुपए की नेट कमाई का आंकड़ा पार करने वाली पहली होल्ल्ल्यवूद फिल्म बन गई है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन के मामले में यह 500 करोड़ क्लब में शामिल होने से इंच भर दूर रह गई है। माना जा रहा है कि सोमवार की कमाई के साथ फिल्म इस आंकड़े को आसानी से पार कर जाएगी।
स्पाइडर-मैन : ब्रैंड न्यू डे ने 11वें दिन कितनी कमाई की?
ट्रेड ट्रेकिंग वेबसाइट Sacnilk.com के आंकड़ों के मुताबिक, 11वें दिन यानी रिलीज के बाद दूसरे रविवार को 'स्पाइडर-मैन : ब्रैंड न्यू डे' ने भारत में 34.70 करोड़ रुपए का नेट कारोबार किया। इस दिन फिल्म 13,862 शोज में दिखाई गई और इसका अनुमानित ग्रॉस कलेक्शन 41.53 करोड़ रुपए रहा। दूसरे शनिवार को फिल्म ने 31 करोड़ रुपए नेट कमाए थे, जिसके मुकाबले रविवार को कलेक्शन में करीब 11.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इससे पहले दूसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई 15 करोड़ रुपए रही थी।
दूसरे वीकेंड में फिल्म ने कितना कलेक्शन किया?
रविवार की कमाई जुड़ने के बाद 'स्पाइडर-मैन : ब्रैंड न्यू डे' का दूसरा वीकेंड 80.70 करोड़ रुपए नेट का रहा। फिल्म ने पहले ही एक्सटेंडेड ओपनिंग वीकेंड में 257.95 करोड़ रुपए नेट की जबरदस्त कमाई की थी। इसके बाद पहले हफ्ते का कलेक्शन 334.75 करोड़ रुपए तक पहुंचा। दूसरे हफ्ते में कमाई की रफ्तार जरूर कम हुई, लेकिन दर्शकों की दिलचस्पी बनी रही।
'स्पाइडर-मैन : ब्रैंड न्यू डे' 500 करोड़ क्लब के करीब
फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 415.45 करोड़ रुपए हो चुका है, जबकि इंडिया ग्रॉस करीब 496.86 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। ऐसे में 500 करोड़ रुपए के ग्रॉस आंकड़े तक पहुंचने के लिए फिल्म को सिर्फ कुछ करोड़ और चाहिए। हालांकि ये शुरुआती अनुमान हैं और अंतिम आंकड़ों का इंतजार है। अगर सोमवार को भी फिल्म ने मजबूत शुरुआत की, तो यह भारत में 500 करोड़ ग्रॉस पार करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बनने की दिशा में बढ़ सकती है।
Avengers: Endgame और Avatar 2 को भी पीछे छोड़ चुकी है फिल्म
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में हॉलीवुड की पिछली बड़ी ब्लॉकबस्टर्स के कई रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। ‘Avengers: Endgame’ का लाइफटाइम इंडिया ग्रॉस करीब 445 करोड़ रुपए रहा था, जबकि ‘Avatar: The Way of Water’ ने भारत में लगभग 477.50 करोड़ रुपए का लाइफटाइम ग्रॉस कलेक्शन किया था। करीब 496.86 करोड़ रुपए के अनुमानित इंडिया ग्रॉस के साथ ‘Spider-Man: Brand New Day’ दोनों फिल्मों से आगे निकल चुकी है।
Worldwide Box Office पर कितनी बड़ी हो गई Spider-Man: Brand New Day?
फिल्म का जलवा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। स्टूडियो अनुमानों के अनुसार, रिलीज के सिर्फ 10 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1.67 बिलियन डॉलर का कारोबार कर लिया था। दूसरे वीकेंड में अकेले अमेरिकी बॉक्स ऑफिस से फिल्म ने 144.5 मिलियन डॉलर कमाए। अमेरिका और कनाडा में फिल्म की कमाई 655.1 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी थी, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसका कलेक्शन 1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर गया।