Aug 24, 2026 03:44 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
मुख्य बातें
- ब्लू क्लाउड सॉफ़्टेक सॉल्यूशंस के शेयर में सोमवार को करीब 5% की तेजी आई और स्टॉक ₹23.54 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया
- शेयर में यह उछाल SpaceX इंटरनेशनल के साथ हुए समझौते के तहत काम शुरू होने की खबर के बाद आया
ब्लू क्लाउड सॉफ़्टेक सॉल्यूशंस के शेयर में सोमवार को आई करीब 5% की तेजी।
Small-cap IT Stock: ₹50 से कम कीमत वाला ब्लू क्लॉउड सॉफ्टेक सॉल्यूशन्स (Blue Cloud Softech Solutions) का शेयर सोमवार 24 अगस्त 2026 को चर्चा में रहा। कंपनी के शेयर में कारोबार के दौरान करीब 4.70% की तेजी आई और यह ₹23.54 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। शेयर ने दिन की शुरुआत ₹22.99 पर की, जबकि शुक्रवार को यह ₹22.11 पर बंद हुआ था। कंपनी के शेयर में तेजी की सबसे बड़ी वजह स्पेसएक्स इंटरनेशनल (SpaceX International) के साथ हुए समझौते के तहत काम शुरू होना बताया जा रहा है।
ब्लू क्लॉउड सॉफ्टेक सॉल्यूशन्स (Blue Cloud Softech Solutions) ने बताया कि उसने SpaceX इंटरनेशनल लिमिटेड, MY के साथ हुए MSA (Master Services Agreement) के तहत सेवाएं देना शुरू कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, SOW (Statement of Work) नंबर 1 का क्रियान्वयन 24 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है। इस पहले SOW की कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 15 करोड़ डॉलर यानी करीब ₹13,000 करोड़ बताई गई है। इस राशि में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 7 करोड़ डॉलर, साइबर सिक्योरिटी के लिए 2.5 करोड़ डॉलर, टेलीकम्यूनिकेशन के लिए 2.5 करोड़ डॉलर और डाटा सेंटर सॉल्यूशन्स (Data Centre Solutions) के लिए 3 करोड़ डॉलर शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, मौजूदा तिमाही से सर्विस डिलीवरी और बिलिंग शुरू होने की उम्मीद है।
यह प्रोजेक्ट ब्लू क्लॉउड (Blue Cloud) के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें कंपनी को चार अलग-अलग टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में काम करना है। इनमें AII (Artificial Intelligence Infrastructure), साइबर सिक्योरिटी, टेलीकम्यूनिकेशन और डाटा सेंटर सॉल्यूशन (Data Centre Solutions) शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि यह काम उसके अमेरिका स्थित ऑपरेशंस के जरिए किया जाएगा। इससे कंपनी को अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार को मजबूत करने और अमेरिका में अपनी डिलीवरी क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कंपनी के CEO भास्कर नल्लामिली के मुताबिक, समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद तय समय पर काम शुरू होना कंपनी की डिलीवरी क्षमता को दिखाता है। वहीं ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडली (Tejesh Kumar Kodali) ने इसे बड़े स्तर के मल्टी-डोमेन टेक्नोलॉजी प्रोग्राम को लागू करने की क्षमता का प्रमाण बताया।
ब्लू क्लाउड सॉफ़्टेक सॉल्यूशंस (Blue Cloud Softech Solutions) का शेयर पिछले कुछ समय से काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। एक सप्ताह में शेयर करीब 5.58% और एक महीने में लगभग 13% चढ़ा है। तीन महीने में इसने करीब 25% का रिटर्न दिया है, जबकि 2026 में अब तक शेयर करीब 9% ऊपर है। हालांकि लंबी अवधि में तस्वीर मिश्रित है। पिछले एक साल में शेयर करीब 25% और तीन साल में लगभग 79% गिर चुका है। इसके बावजूद पांच साल की अवधि में शेयर ने करीब 286% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर:- छोटे और स्मॉल-कैप शेयरों में तेजी के साथ जोखिम और उतार-चढ़ाव भी काफी अधिक हो सकता है। किसी कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा को सीधे शेयर में भविष्य के मुनाफे की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए। निवेश से पहले कंपनी के वित्तीय नतीजे, कैश फ्लो, कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें और वैल्यूएशन जरूर जांचें। निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
