Smriti Mandhana Century: स्मृति मंधाना ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ ठोका शतक, 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े

Published on 3 सित॰ 2026

Smriti Mandhana Century: स्मृति मंधाना ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ ठोका शतक, 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े

मंधाना का रिकॉर्डतोड़ शतक (फोटो-GETTY IMAGES)

स्मृति मंधाना का बल्ला जब चलता है तो रनों की बरसात होती है और रिकॉर्ड भी टूटते हैं. महिला एशिया कप में इस खिलाड़ी ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ शानदार शतक ठोका. मंधाना ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 57 गेंदों में शतक जड़ा. मंधाना का ये टी20 इंटरनेशनल में दूसरा शतक है और वो महिला एशिया कप में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन गईं. मंधाना ने इस मुकाबले में शुरुआत धीमी की लेकिन ये खिलाड़ी शतक तक पहुंचने में कामयाब रही. मंधाना अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गई हैं. मंधाना के इंटरनेशनल क्रिकेट में 18 शतक हो गए हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ शतक लगाने के बाद स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इस खिलाड़ी ने मिताली राज के 10868 रनों के रिकॉर्ड को पीछे कर दिया. मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 18 शतक भी लगा दिए हैं. इस खिलाड़ी के वनडे में 14, टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में 2-2 शतक हैं. मंधाना ने साउथ अफ्रीका की लॉरा वुलफार्ट को पीछे छोड़ा. उन्होंने और मैग लैनिंग के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 17-17 शतक हैं.

मंधाना का महिला एशिया कप में रिकॉर्ड

मंधाना ने महिला एशिया कप में पहली बार शतक तो लगाया ही साथ ही इस खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू ने साल 2024 में 119 रनों की पारी खेली थी. अब मंधाना उनसे आगे निकल गई हैं. उन्होंने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 64 गेंदों में 124 रनों की पारी खेली.

मंधाना ने ऐसे जड़ा शतक

मंधाना ने शुरुआत धीमी की, दुबई की पिच में गेंदबाजों के लिए काफी कुछ था इसलिए शुरुआती कुछ ओवर्स में ये खिलाड़ी संभलकर खेलती नजर आई. हालांकि उनकी पार्टनर शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग की. दोनों ने 34 गेंदों में स्कोर 50 रनों तक पहुंचा दिया. हालांकि शेफाली 28 रन बनाकर आउट हो गईं. मंधाना ने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. अर्धशतक पूरा होने के बाद मंधाना ने जबरदस्त गीयर बदला और इस खिलाड़ी ने अगली 17 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया. मंधाना ने शतकीय पारी में 7 छक्के और 14 चौके लगाए. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 193 रन बनाए.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button