Sirohi News: निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, रक्षाबंधन और रविवार को नहीं जमा होंगे नामांकन

Published on 28 अग॰ 2026

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच सिरोही जिला प्रशासन ने चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बुधवार को आबूरोड और माउंटआबू उपखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों, रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय, स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी बूथों का संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश में नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों, जिनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं, में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के तहत उम्मीदवार रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के दिन नामांकन पत्र जमा नहीं कर सकेंगे।

विज्ञापन



31 अगस्त तक जमा होंगे नामांकन पत्र



जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि सदस्य पदों के लिए लोक सूचना 27 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर 2026 को होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर 2026 को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

विज्ञापन



तोमर ने बताया कि रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के दिन नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सकेंगे। इसके अलावा निर्धारित दिनों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित नगरीय निकाय के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे।



सिरोही में दो चरणों में होगा मतदान



सदस्य पदों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।



निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिरोही जिले में शिवगंज, आबूरोड और मंडार नगरीय निकायों के चुनाव पहले चरण में 9 सितंबर 2026 को होंगे। वहीं सिरोही, पिंडवाड़ा और माउंटआबू में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा।



माउंटआबू में पुलिस थाने और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण



जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बुधवार को माउंटआबू और आबूरोड में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। माउंटआबू पुलिस थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र का संयुक्त निरीक्षण करने और क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय माउंटआबू में नामांकन पत्र लेने की व्यवस्था और चेकलिस्ट से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना हॉल और स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान काउंटिंग एजेंट और ईवीएम कार्मिकों के लिए बेरिकेडिंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।



मतदान केंद्रों पर मरम्मत, बिजली और सफाई व्यवस्था के निर्देश



जिला निर्वाचन अधिकारी ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय तोरणा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में मरम्मत कार्य, बेरिकेडिंग, लाइट और सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को संयुक्त दल के माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र का निरीक्षण करने के लिए पाबंद किया, ताकि चुनाव से पहले किसी भी तरह की कमी को दूर किया जा सके।



आबूरोड में स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं



आबूरोड में जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय, राजकीय महाविद्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा और अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।



इसके अलावा उन्होंने महात्मा गांधी विद्यालय मानपुर समेत अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई और आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ समेत संबंधित रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।