आडवाणी, जयशंकर, जगदीप धनखड़ को SIR के नोटिस, जानिए चुनाव आयोग ने ऐसा क्यों किया? - India TV Hindi

Published on 20 सित॰ 2026

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम चल रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के तहत दिल्ली में कई वीवीआईपी राजनीतिक हस्तियों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का नाम शामिल है। साथ ही निर्वाचन आयुक्त डॉक्टर एस.एस. संधू समेत विभिन्न हस्तियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दी गई जानकारी में 'विसंगति' के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। 

गड़बड़ियों को लेकर 33.13 लाख नोटिस जारी 

दिल्ली में एसआईआर के तहत 97 लाख से अधिक मतदाताओं की मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद गणना फॉर्म में दी गई जानकारी में "गड़बड़ियों" को लेकर 33.13 लाख नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकांश नोटिस 2002 में हुए पिछले एसआईआर के विवरण से मेल न खाने के कारण जारी किए गए हैं। 

डेटा को सुधारने के लिए जारी किए गए नोटिस

हालांकि, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय का कहना है कि इन मतदाताओं के डेटा को सुधारने के लिए ये नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सूची दिल्ली के सीईओ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी और मनीष सिसोदिया का नाम शामिल

अधिकारियों ने बताया कि जिन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं या जिन्हें जल्द ही जारी किए जाने हैं, उनमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व कुलपति एम जगदीश कुमार, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे, पूर्व थलसेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद शामिल हैं। 

ज्यादातर नई दिल्ली विधानसभा के अंतर्गत आते हैं ये लोग

जिन प्रमुख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें से अधिकांश के नाम नई दिल्ली विधानसभा सीट के अंतर्गत आते हैं। दिल्ली सीइओ कार्यालय ने कहा कि नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा। 

इसलिए जारी किया गया नोटिस

आडवाणी (98), उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को साल 2002 की एसआईआर मतदाता सूची से उनके नाम का मिलान न हो पाने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि उनके बेटे जयंत ने मिलान प्रक्रिया पूरी कर ली थी। ये चारों नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता हैं, उन्हें भी नोटिस मिले हैं। 

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस दिए गए हैं। चुनाव आयुक्त एस एस संधू को उनके नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया है, जबकि उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में फर्क के कारण नोटिस दिया गया है। वे दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी को भी नोटिस जारी किया गया है। 

सिसोदिया को नोटिस भेजने का नहीं बताया गया कारण

सिसोदिया, उनकी पत्नी सीमा और बेटे मीर को भी नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हालांकि निर्वाचन आयोग ने सिसोदिया को नोटिस भेजने का कोई कारण नहीं बताया, लेकिन मीर के नोटिस में "उनके माता-पिता के नाम में विसंगति" का उल्लेख है। उनकी पत्नी सीमा के नोटिस में दिया गया कारण "उनके नाम में फर्क" है।  आडवाणी और सिसोदिया के विवरण में विसंगति की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, 'ऐसे मतदाताओं द्वारा दिए जाने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के सत्यापन की उचित प्रक्रिया के बाद उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।'  (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

SIR नोटिस पर BJP का पलटवार, कहा-2013 से पहले गाजियाबाद के वोटर थे केजरीवाल, दिल्ली में मैपिंग संभव नहीं'

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।