सिलवासा में पत्नी की हत्या कर सूटकेस में लाश छिपाने वाले आरोपी ऋषभ को यूपी एसटीएफ ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। वह पहचान बदलकर मजदूरी कर रहा था।
आरोपी ऋषभ कमार सिंह।
- Published: 10 Aug 2026, 07:41 PM IST
- Last Updated: 10 Aug 2026, 07:41 PM IST
वाराणसी : दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा थाना क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या कर शव को सूटकेस में बंद करके फरार हुए शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स STF ने धर दबोचा है। एसटीएफ की वाराणसी फील्ड यूनिट और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास दबिश देकर आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर वहां एक कंपनी में मजदूरी कर रहा था।
सूटकेस के अंदर से मिला था दो महीने पुराना शव
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड्डा क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान से सूटकेस के अंदर एक महिला का सड़ चुका शव बरामद हुआ था, जो करीब दो महीने पुराना था। मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई थी। यह भयानक राज तब खुला जब मकान मालिक किसी अन्य व्यक्ति को कमरा किराए पर दिखाने के लिए वहां पहुंचा और दरवाजा खोलते ही तेज दुर्गंध आई। जांच में पता चला कि शव को प्लास्टिक से लपेटकर सूटकेस के अंदर ठूंस कर बंद किया गया था, ताकि किसी को भनक न लगे।
प्रेम विवाह और पारिवारिक विवाद बनी हत्या की वजह
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऋषभ कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिउर गांव का रहने वाला है। उसने अपने ही गांव की रहने वाली छोटी उपाध्याय से लव मैरिज प्रेम विवाह की थी, जिसके चलते लड़की पक्ष की ओर से बिहार के रोह थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। शादी के बाद ऋषभ के परिवार वाले छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे थे, जबकि छोटी लगातार अपने पति पर उसे ससुराल ले जाने का दबाव बना रही थी। इसी पारिवारिक कलह के चलते 9 जून 2026 की शाम को सिलवासा के किराए के कमरे में ऋषभ ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर फरार हो गया था।
एसटीएफ की कार्रवाई और ट्रांजिट रिमांड
हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी सिलवासा से भागकर वाराणसी और आसपास के इलाकों में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ को उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य की टीम ने सिलवासा पुलिस के साथ मिलकर शुभकामना रियल टेक एलएलपी इंडस्ट्रियल एस्टेट चांदपुर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है। अब सिलवासा पुलिस उसे अपने साथ ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।