Published: Tuesday, August 4, 2026, 15:00 [IST]
Faridabad Teacher Murder: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। स्कूल में पढ़ाने पहुंची टीचर को नकाबपोश आशिक ने 32 सेकंड में 34 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर लहुलूहान कर दिया। टीचर का पूरा बदन चाकू के हमले से छलनी हो गया।
घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि मृत टीचर शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे घटना को अंजाम दिया गया...
Faridabad Teacher Sandhya Sharma Murder Reason: घटना कैसे हुई? 34 बार चाकू से वार...
मामला फरीदाबाद के सिकरोना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एक प्राइवेट स्कूल) का है। यहां डबुआ इलाके निवासी संध्या शर्मा एक शिक्षिका थीं। सोमवार सुबह करीब 9:30-9:40 बजे आरोपी अमित (21 वर्ष, कोट गांव निवासी) नकाब लगाए स्कूल पहुंचा। उसने स्टाफ से संध्या को बुलाने के लिए उनके पति के नाम का हवाला दिया। संध्या बाहर आईं। इसके बाद आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। स्कूल स्टाफ और एडमिनिस्ट्रेटर चीख-पुकार सुनकर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धमकाया।
एकाएक करीब 34 बार संध्या पर चाकू से वार कर पूरा बदन छलनी कर दिया। इसके बाद, आरोपी अमित बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर मौके से फरार हो गया। संध्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी में कैद हुई।
Who Was Sandhya Sharma: संध्या शर्मा कौन थीं?
संध्या शर्मा, फरीदाबाद के डबुआ इलाके की रहने वाली थी। उन्होंने गांव फिरोजपुर निवासी विक्की गुर्जर से लव मैरिज की थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, एक बेटा (लगभग 7 वर्ष) और एक बेटी (लगभग 5 वर्ष)। परिवार फिरोजपुर गांव में रहता था। संध्या वहां से सिकरोना स्थित स्कूल जाती थीं, जहां वे छोटी कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाती थीं। वे एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार की महिला थीं, जो नौकरी करके परिवार का सहारा बनती थीं। पति निजी नौकरी करते हैं। संध्या रोज अकेले स्कूल आना-जाना करती थीं। परिवार के अनुसार, वे मेहनती और बच्चों से प्यार करने वाली शिक्षिका थीं।
दो साल से झेल रही थी प्रताड़ना, पीछे पड़ा था एकतरफा प्यार में पागल अमित
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अमित (21 वर्ष, कोट गांव निवासी) की संध्या से करीब एक-दो साल पहले जान-पहचान हुई थी। उस वक्त संध्या सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थीं। अमित एकतरफा आकर्षण रखता था और बार-बार उनसे संपर्क करने की कोशिश करता था। संध्या ने उसे नजरअंदाज किया। परेशानी बढ़ने पर संध्या ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने या धमकी देने की बात कही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने छेड़छाड़ या परेशान करने की शिकायत भी की थी, जिसके बाद अमित ने माफी मांग ली थी। इसके बावजूद परेशानी जारी रही।
परिवार और पुलिस के अनुसार, संध्या ने सुरक्षा के लिए स्कूल बदल लिया। उन्होंने सिरोही वाले स्कूल की नौकरी छोड़कर सिकरोना के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। मकसद यही था कि आगे कोई परेशानी न हो। लेकिन आरोपी इस बदलाव से नाराज रहा। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश और बदले की भावना में उसने यह अपराध किया।
हत्या के 2 घंटे बाद आरोपी अरेस्ट
सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। घटना के करीब दो घंटे के अंदर एवीटीएस सिकरोना टीम ने अमित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, वह पूरी योजना के साथ पहुंचा था। जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में स्टॉकिंग और बदले की मंशा सामने आई है।