धमतरी पुलिस का बड़ा इकोनॉमिक स्ट्राइक : नशे के कारोबार से जुड़ी लाखों की संपत्तियां फ्रीज, पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत सख्त प्रहार - Haribhoomi

Published on 26 जुल॰ 2026

धमतरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए SAFEMA/NDPS Act के तहत 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज कराई हैं।

City Kotwali Police Station, Dhamtari

पुलिस स्टेशन सिटी कोतवाली, धमतरी

  • Published: 26 Jul 2026, 05:49 PM IST
  • Last Updated: 26 Jul 2026, 05:52 PM IST

यशवंत गंजीर- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से जुड़ी 35.85 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज कराई हैं। पुलिस के अनुसार, जिले में पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत इस स्तर की कार्रवाई हुई है, जिसकी पुष्टि मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA ने 23 जुलाई को कर दी।

आरोपियों के करोड़ों की संपत्तियों पर कार्रवाई
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा निवेश, वाहनों तथा अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच के बाद NDPS Act की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Major economic strike by Dhamtari Police

आरोपियों की लाखों की संपत्ति फ्रीज
कार्रवाई के पहले प्रकरण में आरती रजक से संबंधित 12.93 लाख रुपये की बैंक जमा एवं निवेश राशि फ्रीज की गई। दूसरे प्रकरण में करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से जुड़ी 22.91 लाख रुपये मूल्य की बैंक जमा, वाहन एवं अचल संपत्तियां फ्रीज की गईं।

Major economic strike by Dhamtari Police

सक्षम प्राधिकारी ने संपत्ति फ्रीज आदेश रखा बरकरार
पुलिस के अनुसार, सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष अपनी संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने धमतरी पुलिस के फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।

Major economic strike by Dhamtari Police

Major economic strike by Dhamtari Police

नशे के आर्थिक नेटवर्क पर भी पुलिस का प्रहार
धमतरी पुलिस का कहना है कि, अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले से NDPS Act एवं PITNDPS Act के तहत भी प्रकरण दर्ज हैं और भविष्य में भी नशे के अवैध कारोबार और उसके आर्थिक नेटवर्क के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)