RU में PhD एडमिशन के लिए शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची जारी, इंटरव्यू जल्द

Published on 24 सित॰ 2026

Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्ट सूची जारी कर दी है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, RU Ph.D. Regulations, 2026 के तहत उपलब्ध सीटों और आवेदकों की संख्या के आधार पर प्रत्येक श्रेणी में प्रत्येक सीट के लिए अधिकतम तीन अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इंटरव्यू की निर्धारित तिथि जल्द जारी की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: 

खनिजों पर सेस वसूली खत्म करने के विरोध में 5-6 अक्टूबर को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र
उत्पाद विभाग ने झारखंड पुलिस से मांगा 26 साल में जब्त शराब का हिसाब

विश्वविद्यालय ने बताया कि 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 के बीच ई-मेल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों को शॉर्टलिस्टिंग के लिए शामिल किया गया है. इसके लिए संबंधित विभाग में 1 सितंबर से 11 सितंबर के बीच हार्ड कॉपी जमा करना अनिवार्य था. शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के मोरहाबादी कैंपस स्थित संबंधित विषय विभाग में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंटरव्यू में शामिल होना होगा. इंटरव्यू के लिए कोई टीए देय नहीं होगा और तिथि में बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा.

इंटरव्यू के दिन अभ्यर्थियों को UGC/UGC-CSIR NET-JRF/NET-LS/NET-PhD (Category III)/GATE प्रमाणपत्र और स्कोरकार्ड की मूल प्रति, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, पोस्ट ग्रेजुएशन की मार्कशीट, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाणपत्र, रेजिडेंशियल प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और आवेदन में घोषित पहचान पत्र की मूल प्रति साथ लानी होगी. प्रमाणपत्रों की एक फोटो कॉपी भी विभाग में जमा करनी होगी.

नोटिस में कहा गया है कि आवश्यक शर्तों को आंशिक या पूर्ण रूप से पूरा नहीं करने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है. विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आगे की सूचनाएं जारी की जाएंगी. विश्वविद्यालय को इंटरव्यू कार्यक्रम में बदलाव या उसे रद्द करने का अधिकार भी रहेगा.

मेरिट के संबंध में विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टिंग में NET-JRF के बाद NET-LS, NET-Ph.D./GATE और M.Phil. को प्राथमिकता दी जाएगी तथा प्रत्येक श्रेणी में मेरिट के आधार पर चयन होगा. प्रमाणपत्रों की वैधता UGC की समय-समय पर जारी सूचनाओं और नियमों के अनुसार मानी जाएगी. JRF योग्यता, Category-2, Category-3 और GATE स्कोर की वैधता को लेकर भी नोटिस में अलग-अलग प्रावधान दिए गए हैं. शॉर्टलिस्टिंग में पहले प्रतिशत अंकों और उसके बाद CGPA को प्राथमिकता दी जाएगी.

अनारक्षित सीटों को मेरिट और समूहवार शॉर्टलिस्टिंग के आधार पर भरने के बाद आरक्षित श्रेणियों के लिए सीटें सुरक्षित की जाएंगी. आरक्षित श्रेणी की रिक्त सीटों पर पहले ST/SC, इसके बाद BC-I/BC-II और फिर सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को सरकार के संबंधित प्रावधानों के अनुसार मौका दिया जाएगा. नोटिस में यह भी कहा गया है कि शेडेड सीरियल नंबर आरक्षित श्रेणी की रिक्त सीटों पर चयनित अभ्यर्थियों को दर्शाते हैं.

ऑनलाइन जमा किए गए प्रमाणपत्रों और मूल प्रमाणपत्रों में किसी तरह का अंतर या छेड़छाड़ पाए जाने पर अभ्यर्थिता स्वतः रद्द कर दी जाएगी. किसी टाइपोग्राफिकल त्रुटि को विश्वविद्यालय की ओर से आवश्यकता के अनुसार सुधारा जा सकेगा. नोटिस 24 सितंबर 2026 को रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की ओर से जारी किया गया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.