Bihar Teacher News: बिहार में वित्तरहित माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के लिए बड़ी खबर है. राज्य सरकार के निर्देश पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने अनुदान की राशि RTGS के माध्यम से सीधे संबंधित शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि अनुदान वितरण की पूरी प्रक्रिया आगामी दो दिनों में पूरी कर ली जाएगी.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि राज्य सरकार के निर्णय के तहत बुधवार से वित्तरहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के खाते में अनुदान की राशि सीधे भेजना शुरू किया गया है. पहले दिन भी बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बैंक खातों में RTGS के जरिए अनुदान की राशि भेजी गई है.
समिति के अनुसार, अनुदान का वितरण संबंधित वित्तरहित माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों की प्रबंध समिति से प्राप्त सूची के आधार पर किया जा रहा है. इसके साथ ही संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र को भी अनुदान वितरण के लिए आधार बनाया गया है.
दो दिनों में पूरी होगी भुगतान की प्रक्रिया
डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि RTGS के माध्यम से अनुदान भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. समिति का लक्ष्य है कि आगामी दो दिनों के भीतर अनुदान वितरण की पूरी प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए. जिन शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की जानकारी और जरूरी दस्तावेज प्रक्रिया के तहत उपलब्ध हैं, उनके खातों में राशि भेजी जा रही है.
जिन संस्थानों की सूची नहीं आई, वहां भी भेजी जाएगी राशि
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया कि कुछ वित्तरहित संस्थानों की प्रबंध समिति से अनुमोदित सूची और संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र अभी तक समिति को प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे संस्थानों से आवश्यक सूची और दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं.
समिति के अनुसार, जैसे ही संबंधित संस्थानों की सूची और जरूरी प्रपत्र प्राप्त होंगे, उनके शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के खाते में भी अनुदान की राशि RTGS के माध्यम से भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. इसके लिए भी आगामी दो दिनों की समयसीमा बताई गई है.
अनुदान की राशि सीधे बैंक खाते में RTGS के माध्यम से भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सरल होगी. इससे संबंधित शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों तक अनुदान की राशि सीधे पहुंच सकेगी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य अनुदान वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और शिक्षक हितैषी बनाना है.