
सीबीआई. (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊ में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में RDSO के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं. गिरफ्तार आरोपियों में RDSO के डिप्टी डायरेक्टर आशुतोष कुमार और सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार शामिल हैं. इसके अलावा कोलकाता स्थित निजी कंपनी उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड के दो प्रतिनिधि- शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार राय भी गिरफ्तार किए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक दोनों अधिकारियों पर निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ साजिश कर रिश्वत लेने का आरोप है. बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने फैक्ट्री के प्लांट और मशीनरी की अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले अनुचित लाभ लिया.
हावड़ा के एक होटल से हुई गिरफ्तारी
CBI ने चारों को हावड़ा के एक होटल में चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है. कोलकाता की एक निजी कंपनी के प्रतिनिधियों से रिश्वत लेने के मामले में इनकी गिरफ्तारी हुई है. CBI ने हावड़ा के एक होटल में ट्रैप लगाकर चारों आरोपियों को पकड़ा. होटल के कमरे में निजी कंपनी का कर्मचारी रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा था.रिश्वतकांड की जानकारी CBI को पहले से ही थी. जैसे ही अधिकारियों ने रिश्वत की रकम ली CBI की टीम ने उन्हें पकड़ लिया. मौके से नकदी भी बरामद की गयी है.
क्या है आरोप
CBI के एक प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने मंगलवार को यह मामला इस आरोप के बाद दर्ज किया कि दोनों लोकसेवकों ने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलीभगत की और कंपनी के फैक्टरी प्लांट एवं मशीनरी की अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले में अनुचित लाभ हासिल किया. प्रवक्ता ने बताया कि CBI ने जाल बिछाकर निजी कंपनी के प्रतिनिधियों से हावड़ा के एक होटल में चार लाख रुपये रिश्वत लेते समय सरकारी अधिकारियों और दो अन्य लोगों को पकड़ लिया.
कोलकाता, लखनऊ और बिहार में रेड
प्रवक्ता ने बताया कि चार लाख रुपये की रिश्वत की रकम के अलावा 4.73 लाख रुपये की एक अन्य नकदी भी बरामद की गई है. CBI के मुताबिक कोलकाता, लखनऊ और बिहार में कई ठिकानों पर आरोपियों के आवासीय और कार्यालयी परिसरों में छापे मारे जा रहे हैं. इस दौरान अपराध में इस्तेमाल हुए दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं. CBI ने 15 सितंबर 2026 को केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी. आरोपियों को सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

अभिजीत ठाकुर
अभिजीत ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. 2014 में पत्रकारिता की शुरुआत Zee Media से हुई. दिल्ली में रिपोर्टिंग की. 2018 में ETV भारत के नेशनल ब्यूरो में बतौर रिपोर्टर जॉइन किया. इस दौरान संघ (RSS-VHP), शिक्षा, कृषि, पर्यटन के साथ किसान और मजदूरों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. 2022 में TV9 भारतवर्ष जॉइन किया और दिल्ली ब्यूरो का हिस्सा रहे. इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान,महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में कई बड़ी खबरों और इवेंट्स कवर करने का अवसर मिला. 2025 में लखनऊ ब्यूरो की जिम्मेदारी के साथ दिल्ली से लखनऊ भेजा गया. 17 साल दिल्ली में रहने के बाद अब कर्मस्थली यूपी की राजधानी है. अब उत्तर प्रदेश की राजनीति, सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाते हैं.
Read More