
157वीं गेंद पर जड़ा शतक (Photo: TNCA)
Shikhar Mohan, Ranji Trophy 2026-27: झारखंड के ओपनर शिखर मोहन ने अपने शानदार फॉर्म को रणजी ट्रॉफी 2026-27 में भी बरकरार रखा है. शिखर ने रणजी ट्रॉफी के नए सीजन की पहली ही पारी में जोरदार शतक जड़ा है. शिखर मोहन ने अपना शतक 157 गेंदों में छक्के के साथ पूरा किया. बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन के दमदार शतक की बदौलत केरल के खिलाफ मुकाबले में झारखंड को मजबूत शुरुआत मिली है.
शिखर मोहन ने कैसे लिखी शतक की कहानी?
केरल के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड के लिए उसके ओपनर शिखर मोहन शुरुआत से ही अच्छे रंग में दिख रहे थे. उन्होंने पहले ओपनिंग विकेट के लिए शरणदीप सिंह के साथ 87 रन की पार्टनऱशिप की. उसके बाद उन्होंने दूसरे विकेट के लिए उत्कर्ष सिंह के साथ मिलकर ट्रिपल फीगर वाले पार्टनरशिप को भी अंजाम दिया. ऐसा करने के दौरान शिखर मोहन ने ना सिर्फ अपना शतक पूरा किया बल्कि झारखंड को भी सिर्फ 1 विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार पहुंचा दिया.
157वीं गेंद पर छक्के से पूरा किया सीजन का पहला शतक
शिखर मोहन ने 157 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. शिखर जब 99 रन पर थे, तब उन्होंने छक्का लगाया और अपना शतक पूरा किया. ये उनकी इनिंग का दूसरा छक्का था. अपनी इनिंग में शतक तक पहुंचने के लिए उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए. ये रणजी ट्रॉफी 2026-27 में किसी भी बल्लेबाज के बल्ले से निकला पहला शतक है. वहीं येशिखर मोहन के फर्स्ट क्लास करियर का तीसरा शतक है. इससे पहले 10 मैचों की 16 पारियों में उनके 812 रन थे, जिसमें एक शतक और एक दोहरा शतक शामिल था.
पिछली 5 पारियों में चौथी बार ये कमाल
शिखर मोहन की फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेली पिछली 5 पारियों पर गौर करें तो 4 में उन्होंने फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया है. केरल के खिलाफ शतक ठोकने से पहले उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ 85 और 52 रन की पारी खेली थी. वहीं जम्मू कश्मीर के खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया से खेलते हुए उन्होंने ईरानी कप की 2 पारियों में 60 और 2 रन बनाए थे.
शिखर मोहन पूरे करेंगे 1000 रन!
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सिर्फ अपना 11वां मैच खेल रहे शिखर मोहन लंबी पारियां खेलने वाले बल्लेबाज के तौर पर अपनी पहचान बनाते दिख रहे हैं. केरल के खिलाफ अगर वो अपने शतक को और बड़ा रूप देते हैं तो इससे ना सिर्फ झारखंड का फायदा होगा बल्कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके भी 1000 रन पूरे हो जाएंगे.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More