Ranchi News : अब निगम खुद वसूलेगा होल्डिंग टैक्स, हर वार्ड में चिन्हित होंगे 500 बड़े बकायेदार

Published on 18 सित॰ 2026

Ranchi News : राजस्व संग्रहण से जुड़ी एजेंसी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब नगर निगम खुद राजस्व वसूली का काम संभालेगा. इसे लेकर शुक्रवार को नगर निगम में बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने की. राजस्व शाखा परिसर में हुई बैठक में कहा गया है कि हैल्डिंग टैक्स की वसूली के लिए वार्डवार लक्ष्य रखा जाएगा. बकाया कर की वसूली भी की जाएगी. 

इसे भी पढ़ें...

JSSC-CGL परीक्षा रद्द करना सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देश के अनुरूप :  राज्य सरकार
ED का झारखंड और ओडिशा में छापा, कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में कार्रवाई

निगम के आंतरिक राजस्व को बढ़ाने की तैयारियों की समीक्षा की गई. नगर आयुक्त ने कर संग्रहकर्ताओं, रेवेन्यू इंस्पेक्टर और नगर प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्र के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. इसमें बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली के साथ नए भवनों का असेसमेंट, री-असेसमेंट और ट्रेड लाइसेंस से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया.

हर माह 500 बड़े बकायेदारों की होगी पहचान

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में हर माह शीर्ष 500 बकायेदारों को चिन्हित किया जाएगा. इसमें बकाया कर की वसूली की जाए. बड़े बकायेदारों पर विशेष ध्यान देने और राजस्व वसूली में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरतने को कहा गया.

अक्टूबर से प्रत्येक वार्ड में राजस्व संग्रहण शिविर लगाए जाएंगे. इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही कर भुगतान की सुविधा मिलेगी. लोगों को डिजिटल माध्यम से टैक्स भुगतान के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा.

सरकारी जमीन पर कारोबार करने वालों के ट्रेड लाइसेंस की होगी जांच

बैठक में सरकारी भूमि पर चल रहे व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा का निर्देश दिया गया. नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर ट्रेड लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

निगम की दुकानों का बकाया किराया भी वसूलेगा 

निगम स्वामित्व वाली दुकानों से बकाया किराए की वसूली के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी. बकायेदारों की सूची जारी की जाएगी. इनसे किराया वसूलने का निर्देश दिया गया. 

इस मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि निगम को वित्तीय रूप से मजबूत बनाया जाएगा. इसे स्वावलंबी बनाने के लिए आंतरिक राजस्व बढ़ाने पर बल दिए जाएंगे. इसके लिए पदाधिकारी और कर्मियों को अधिक सक्रियता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा. राजस्व संग्रहण की समीक्षा भी की जाएगी. इस दौरान बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, नगर प्रबंधक और राजस्व शाखा की टीम मौजूद थी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.