Ranchi : 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल : संथाल परगना व दक्षिणी छोटानागपुर ने जीता खिताब

Published on 21 जुल॰ 2026

Ranchi : 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान और बीआईटी मेसरा मैदान में तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें अंडर-15 बालक वर्ग में संथाल परगना, जबकि अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने खिताब अपने नाम किया.

BREAKING : JPSC की असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता CID की हिरासत में, पूछताछ जारी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली मार्च, पंजाब-हरियाणा सीमा सील, कई हिरासत में


समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है. उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का नाम रोशन करेंगे. समारोह में एलएमसी सदस्य जेएसएसपीएस श्रीकांत पुरवार और पुष्पा हस्सा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं. अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, मोमेंटो और शॉल भेंट कर किया.


फाइनल मुकाबलों के परिणाम

अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में संथाल परगना ने कोल्हान प्रमंडल को 6-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. दक्षिणी छोटानागपुर तीसरे स्थान पर रहा. इस वर्ग में सुरेश बारी को प्लेयर ऑफ द मैच, संजय हांसदा को बेस्ट गोलकीपर और रिवीजन हेंब्रोम को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.


अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में दक्षिणी छोटानागपुर ने उत्तरी छोटानागपुर को 2-1 से हराकर खिताब जीता. संथाल परगना तीसरे स्थान पर रहा. मनीषा डुंगडुंग को प्लेयर ऑफ द मैच, खुशबू कुमारी को बेस्ट गोलकीपर और सबरनी कुमारी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला.


अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में दक्षिणी छोटानागपुर ने कोल्हान प्रमंडल को 4-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. संथाल परगना तीसरे स्थान पर रहा. विक्की उरांव को प्लेयर ऑफ द मैच, निखिल कुमार महतो को बेस्ट गोलकीपर और अनीश कुजूर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.


समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. अब तीनों वर्गों की विजेता टीमें 65वीं राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.