Ramgarh News: भारतीय महिला रिकर्व टीम की प्रमुख सदस्य और टाटा आर्चरी अकादमी से जुड़ीं तीरंदाज अंकिता भकत ने एशियाई खेलों (एशियन गेम्स) में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है. अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद की तिकड़ी ने महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत के लिए एशियन गेम्स का पहला स्वर्ण पदक जीता. अंकिता का पदक विजेता बनने में उनकी कड़ी मेहनत रही.
इसे भी पढ़ें:


'कोरिया के खिलाफ हर तीर पर ध्यान और भरोसे ने दिलाई जीत'— अंकिता भकत
ऐतिहासिक जीत पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए स्वर्ण पदक विजेता अंकिता भकत ने कहा- यह मेरे और हम सभी के लिए बेहद खास पल है. महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत के लिए पहली बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतना ऐसी उपलब्धि है, जिसे हम हमेशा संजोकर रखेंगे.
हमें पता था कि हमारी टीम मजबूत है, लेकिन कोरिया के खिलाफ हमें हर एक तीर पर अपना ध्यान केंद्रित रखना था और एक-दूसरे पर भरोसा करना था. मैं अपने कोच, टीम की साथियों, अपने परिवार और इस पूरे सफर में साथ देने वाले सभी लोगों की आभारी हूं.
एक तीरंदाज के रूप में मेरे विकास में TATA की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और मुझे उम्मीद है कि यह पदक कई और युवा तीरंदाजों को बड़े सपने देखने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित करेगा कि वे भारत के लिए इतिहास रच सकते हैं. अंकिता ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत को अपने परिवार, कोच, सपोर्ट स्टाफ और पूरे देश को समर्पित किया है.
टाटा स्टील ने बताया गर्व का पल
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने बधाई देते हुए कहा- यह टाटा स्टील और टाटा आर्चरी अकादमी से जुड़े सभी लोगों के लिए बेहद गर्व का क्षण है. अंकिता ने कीर्ति और कुमकुम के साथ मिलकर एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय तीरंदाजी के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है.
2014 में अकादमी से जुड़ी एक युवा खिलाड़ी से लेकर एशियन गेम्स के पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल करने तक का उनका सफर उनकी दृढ़ता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ-साथ उनके कोचों के निरंतर प्रयासों और मजबूत सपोर्ट सिस्टम का प्रमाण है. उनकी सफलता लंबे समय तक खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए आवश्यक वातावरण उपलब्ध कराने के हमारे विश्वास को और मजबूत करती है.
टाटा स्टील प्रबंधन ने अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद को बधाई देते हुए आगामी आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय तीरंदाजी दल की निरंतर सफलता की कामना की है. अंकिता की इस उपलब्धि से रामगढ़ और पूरे राज्य में खुशी की लहर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें