Ram Mandir Controversy: सनातन और संतों का अपमान...संसद परिसर में पप्पू यादव के भगवा लिबास पर भड़की बीजेपी| Navbharat Live

Published on 31 जुल॰ 2026

विज्ञापन

सार

Pappu Yadav Parliament Controversy: संसद में पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर राम मंदिर दान गबन मामले पर किए गए प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने सनातन और संत समाज का अपमान बताया है।

Ram Mandir Controversy: Insult to Sanatan and saints... BJP enraged over Pappu Yadav wearing saffron attire in Parliament premises

पप्पू यादव के भगवा वस्त्र पहनने पर संसद परिसर में हुआ विरोध प्रदर्शन (सोर्स-आईएएनएस)

विस्तार

Pappu Yadav Parliament Ram Mandir Donation Protest: संसद परिसर में राम मंदिर से जुड़े कथित दान गड़बड़ी मामले को लेकर हुए विपक्षी प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के भगवा वस्त्र पहनने पर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने इसे सनातन परंपरा और संत समाज का अपमान बताते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना है कि भगवा वस्त्रों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोध के लिए करना अनुचित है।

दूसरी ओर विपक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी धार्मिक परंपरा का अपमान नहीं, बल्कि राम मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग के मामले में जवाबदेही तय करने की मांग करना था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पूछा कि यदि अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं तो मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इस मुद्दे को लेकर संसद परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली, जिससे राम मंदिर दान विवाद अब राजनीतिक और वैचारिक बहस का नया केंद्र बन गया है।

भगवा वस्त्रों पर शुरू हुआ विवाद

संसद परिसर में ​​बातचीत के दौरान भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा, देश की आजादी से लेकर आज तक, कांग्रेस और अब प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और पूरे विपक्ष ने लगातार संतों, भगवा और सनातन का अपमान किया है। जिस तरह से उन्होंने अपने विरोध-प्रदर्शन में भगवान राम और चंदे का जिक्र करके और ‘कालनेमि’ जैसा व्यवहार करके सनातन का अपमान करने की कोशिश की देश की जनता यह सब देख रही है, और अगले चुनाव में उन्हें सबक सिखाएगी।

सम्बंधित ख़बरें

गिरिराज सिंह ने साधा विपक्ष पर निशाना

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि उन्होंने सांसद पप्पू यादव को साधु के भेष में तैयार किया और उन्हें ‘चंदा चोर’ कहा। संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने उन्हे गेरुआ वस्त्र पहनाए। यह देश और कांग्रेस व समाजवादी पार्टी जैसी राजनीतिक पार्टियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, जिन्होंने वोटों के लिए सनातन को बदनाम करने का काम किया है। सनातन इसका जवाब देगा और यह एक ऐसा अपराध है जिसे हम कभी माफ नहीं करेंगे।

पप्पू यादव को संत समाज माफ नहीं करेगा- BJP सांसद

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि भगवा कपड़े पहनने पर कोई एतराज नहीं है। अगर आप संत के कपड़े पहनते हैं और फिर यह कहते फिरते हैं कि संत पैसे या डोनेशन चुराते हैं, तो यह परंपरा का अपमान है।

इस तरह का गलत बर्ताव पार्लियामेंट में नहीं हो सकता भले ही आप कांग्रेस के साथ हों, इसका मतलब यह नहीं है कि आप सनातन का विरोध कर सकते हैं। भाजपा सांसद बृज लाल ने कहा कि इस तरह का ड्रामा संतों, ऋषियों, हिंदू धर्म और सभी हिंदुओं का अपमान है। पप्पू यादव को याद रखना चाहिए कि संत समाज उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

सपा ने किया पप्पू यादव का बचाव

वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने पूर्णिया के सांसद का बचाव करते हुए कहा कि पप्पू यादव राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य के तौर पर वहां पहुंचे थे। जिस तरह से ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की है और मुख्य आरोपी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, उसे देखते हुए आज एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस ने उठाए जवाबदेही के सवाल

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गबन के मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने ​​कहा कि जिस तरह से भाजपा और आरएसएस ने भगवान राम के दरबार में चोरी की है, उन्होंने भगवान राम को चढ़ाए गए पैसे का गलत इस्तेमाल किया और पवित्र स्थल पर जमीन के लिए रखे गए फंड का गबन किया।

उन्होंने मंदिर के निर्माण के लिए 40 प्रतिशत कमीशन लिया अब क्या बचा है। उन्होंने आगे कहा कि अब क्या मुद्दा है, दुनिया को यह समझ आ गया है कि भाजपा भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई और फिर भी उन्होंने उसी पैसे का गलत इस्तेमाल किया जो भगवान राम को चढ़ाया गया था।

ये भी पढ़ें- पप्पू यादव चंदा चोर… तो राहुल बने राम भक्त, संसद के बाहर विपक्ष ने अनोखे तरीके से उठाया चंदा चोरी का मुद्दा

संसद परिसर में गरमाई राजनीतिक बहस

वहीं राम मंदिर के चढ़ावे के गलत इस्तेमाल के खिलाफ संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा हमने कभी किसी का अपमान करने की कोशिश नहीं की, न ही हमारा ऐसा कोई इरादा था और न ही कभी ऐसा हो सकता है।

हम सभी के दिलों में भगवान श्री राम के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा है। उन्होंने आगे ​​कहा कि असल में सरकार को यह बताना चाहिए कि उसने (दान की चोरी के मामले में) क्या कार्रवाई की है, क्योंकि इस मामले के सामने आए हुए अब लगभग दो महीने हो चुके हैं।

Follow Navbharatlive whatsapp