रक्षाबंधन पर CM मोहन यादव खाचरौद के संत निजानंद धाम पहुंचे। पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया, संतों का आशीर्वाद लिया और बहनों से राखी बंधवाई।
भोपाल। रक्षाबंधन पर्व के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को खाचरौद के ग्राम चिरोला फंटा स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया और संत श्री श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आश्रम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिव मंदिर में रुद्राभिषेक के साथ षोडशोपचार पूजन किया। इसके बाद संत निजानंद जी महाराज की गादी पर विधिवत पूजा की और आरती में शामिल हुए।
CM मोहन यादव ने संतों से लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम में मौजूद संतों का वंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में प्रसादी भी ग्रहण की। श्री निजानंद धाम सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत और सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने संत सचिदानंद जी महाराज के शिष्य श्री विवेक महाराज से भी मुलाकात की। दोनों के बीच आश्रम और संत परंपरा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
रक्षाबंधन पर CM मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत निजानंद आश्रम में आकर दर्शन और पूजा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह स्थान देश, प्रदेश और मालवा की सनातन संस्कृति से जुड़ी महान संत परंपरा की अलौकिक आभा से परिचित कराता है।
उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से सभी को अच्छे और जनकल्याणकारी कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत निजानंद जी महाराज के बाद उनके उत्तरवर्ती स्वामी सचिदानंद जी महाराज ने भी इस स्थान को नई चेतना दी और पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रूप से चैतन्य किया।
'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के भाव के साथ आगे बढ़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने कार्यों के साथ संतों की मूल भावना को भी आगे लेकर चलना चाहिए। उन्होंने 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः' का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी के कल्याण की कामना करना हमारी सनातन परंपरा का मूल भाव है। उन्होंने कहा कि वेदों के इस कल्याणकारी संदेश को जीवन में धारण करते हुए समाज और प्रदेश के सभी लोगों के सुख-समृद्धि की कामना करनी चाहिए।
खाचरौद हेलीपैड पर बहनों ने CM मोहन यादव को बांधी राखी
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को खाचरौद हेलीपैड पहुंचे थे। यहां नागदा निवासी माया तितलिया और मनीषा अखिलेश शर्मा ने रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री को राखी बांधी और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी दोनों बहनों का आत्मीयता से स्वागत किया। उन्होंने उनका मुंह मीठा कराया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।